छत्तीसगढ़ में 8 जून तक मानसून की दस्तक संभव: 5 सालों में सबसे जल्दी पहुंचेगा, कई जिलों में यलो व ऑरेंज अलर्ट जारी
चार दिनों में 2000 मिमी बारिश, जशपुर में सर्वाधिक वर्षा; तापमान स्थिर, अगले तीन दिन तक भारी बारिश की चेतावनी

केरल में तय समय से पहले मानसून पहुंचने के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी जल्द एंट्री की संभावना बन गई है। इस बार बस्तर में मानसून 8 जून तक दस्तक दे सकता है, जो कि बीते पांच वर्षों में सबसे पहले होगा। इस बीच प्रदेश में भारी बारिश और यलो-ऑरेंज अलर्ट ने लोगों को पहले ही सावधान कर दिया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून इस साल रिकॉर्ड समय से पहले दस्तक देने को तैयार है। मौसम विभाग के अनुसार, सामान्यतः बस्तर क्षेत्र में मानसून 13 जून तक पहुंचता है, लेकिन इस बार यह 8 जून से पहले ही राज्य में प्रवेश कर सकता है। यानी बीते 5 वर्षों में यह सबसे जल्दी आने वाला मानसून होगा। इस बीच बस्तर संभाग के लिए ऑरेंज अलर्ट और अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। अगले 3 से 4 दिनों तक यह स्थिति बनी रह सकती है।
चार दिन में रिकॉर्ड 2000 मिमी बारिश
प्रदेश में पिछले चार दिनों में औसतन 2000 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, बीते 24 घंटों में 350 मिमी से अधिक वर्षा हुई है। सबसे अधिक बारिश जशपुर नगर में 50 मिमी रिकॉर्ड की गई।
तापमान में खास उतार-चढ़ाव नहीं
राज्य में तापमान की बात करें तो 25 मई को अधिकतम तापमान 34.4°C था, जबकि 26 मई को यह थोड़ा गिरकर 34.1°C हो गया। न्यूनतम तापमान दुर्ग में 22.2°C और अधिकतम बिलासपुर में 36.9°C दर्ज किया गया।
बारिश की रफ्तार में उतार-चढ़ाव
पिछले चार दिनों में बारिश की रफ्तार भी लगातार बदलती रही है। शुक्रवार को 30 से ज्यादा क्षेत्रों में बारिश हुई, शनिवार को सिर्फ 12 इलाकों में। रविवार को फिर 50 से अधिक जगह पानी गिरा, जबकि सोमवार को केवल 17 इलाकों तक बारिश सीमित रही।