दुर्ग में कोरोना की वापसी: 60 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित, नए वेरिएंट्स पर स्वास्थ्य विभाग सतर्क

NB.1.8.1 और LF.7 वेरिएंट्स को लेकर अलर्ट जारी; जिला अस्पताल सहित सभी मेडिकल संस्थानों में एडवाइजरी लागू

दुर्ग में कोरोना की वापसी: 60 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित, नए वेरिएंट्स पर स्वास्थ्य विभाग सतर्क

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कोरोना संक्रमण का एक नया मामला सामने आया है। भिलाई के एक निजी अस्पताल में भर्ती 60 वर्षीय बुजुर्ग में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई है। राज्य में मिले नए वेरिएंट्स NB.1.8.1 और LF.7 के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है।

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के दो नए वेरिएंट्स NB.1.8.1 और LF.7 को लेकर राज्य सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। बीते 48 घंटों के भीतर राज्य में तीन नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है, जिनमें दो रायपुर और एक दुर्ग जिले के भिलाई का निवासी है।

दुर्ग जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मनोज दानी ने जानकारी दी कि भिलाई सेक्टर-10 में रहने वाला 60 वर्षीय व्यक्ति सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत के साथ एक निजी अस्पताल में भर्ती हुआ था। वहां प्रारंभिक जांच के बाद कोविड टेस्ट कराया गया, जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है, जिससे यह पता चलेगा कि मरीज नए वेरिएंट्स से संक्रमित है या किसी पुराने वेरिएंट से।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मरीज की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है, लेकिन उसके कुक के हाल ही में भोपाल से लौटने की जानकारी सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम अब कुक की भी जांच करेगी।

डॉ. दानी ने बताया कि कोरोना के नए वेरिएंट्स को ध्यान में रखते हुए दुर्ग जिले के सभी अस्पतालों को एडवाइजरी जारी की गई है। सीएम मेडिकल कॉलेज और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में कोविड मरीजों के इलाज के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

इसके साथ ही जिला अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहां ऑक्सीजन प्लांट, जंबो सिलेंडर और आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्थाएं पहले से मौजूद हैं, जिन्हें और सशक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

देशभर में कोरोना के नए वेरिएंट्स NB.1.8.1 और LF.7 को अधिक संक्रामक माना जा रहा है। इसे देखते हुए सभी निजी अस्पतालों को ICU बेड, ऑक्सीजन सप्लाई, वेंटिलेटर और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से सतर्क रहने और लक्षण दिखने पर तत्काल जांच कराने की अपील की है।