भिलाई निगम आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस पार्षदों का मोर्चा, अनिश्चितकालीन धरना शुरू

आयुक्त पर मनमानी का आरोप, मंत्री लालचंद वर्मा बोले- जब तक व्यवस्था नहीं सुधरेगी, आंदोलन जारी रहेगा

भिलाई नगर निगम में प्रशासनिक अड़चनों को लेकर सियासी भूचाल आ गया है। कांग्रेस पार्षदों ने आयुक्त राजीव कुमार पांडेय पर मनमानी और संवादहीनता के आरोप लगाते हुए गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। शहर सरकार के मंत्री खुद इस विरोध की अगुवाई कर रहे हैं।

भिलाई। भिलाई नगर निगम में लंबे समय से प्रशासनिक असंतोष आखिरकार सड़कों पर आ गया। कांग्रेस पार्षदों ने आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के कार्यप्रणाली से नाराज़ होकर निगम मुख्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। गुरुवार को शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन में पार्षदों ने आयुक्त पर मनमानी और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

शहर सरकार के मंत्री लालचंद वर्मा ने धरने को संबोधित करते हुए कहा, “आयुक्त किसी की नहीं सुन रहे हैं। पार्षदों और जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। यह स्थिति अब बर्दाश्त के बाहर है।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक आयुक्त के कार्य में पारदर्शिता और संवाद की बहाली नहीं होती, यह आंदोलन जारी रहेगा।

धरने में शामिल पार्षदों ने आरोप लगाया कि निगम की योजनाएं ठप पड़ी हैं, फील्ड में निरीक्षण नहीं हो रहा और जनहित के कार्यों में लगातार देरी हो रही है। उन्होंने मांग की कि आयुक्त को तत्काल शहर सरकार के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करना चाहिए।

धरना स्थल पर कांग्रेस पार्षदों की भारी भीड़ और गूंजते नारों ने नगर निगम कार्यालय के माहौल को पूरी तरह से आंदोलित कर दिया है। आने वाले दिनों में इस आंदोलन के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।