NH-49 पर भीषण हादसा: ट्रक-स्कॉर्पियो की टक्कर में 5 की मौत, दो सेना के जवान शामिल

बारात से लौटते वक्त हुआ हादसा; तीन घायल, नवागढ़ में चक्काजाम—फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग तेज

NH-49 पर भीषण हादसा: ट्रक-स्कॉर्पियो की टक्कर में 5 की मौत, दो सेना के जवान शामिल

जांजगीर-चांपा जिले के सुकली गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। बारात से लौट रही स्कॉर्पियो को सामने से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौके पर और तीन की अस्पताल में मौत हो गई। मृतकों में दो भारतीय सेना के जवान भी शामिल हैं, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जांजगीर-चांपा। जिले के सुकली गांव स्थित NH-49 पर मंगलवार देर रात ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। दो लोगों की मौत मौके पर ही हो गई जबकि तीन ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका बिलासपुर सिम्स में उपचार जारी है।

मृतकों में राजेंद्र कश्यप (27) और पोमेश्वर जलतारे (33) इंडियन आर्मी के जवान थे। राजेंद्र की कुछ ही दिन पहले—18 नवंबर को शादी हुई थी और वे श्रीनगर में पोस्टेड थे। वहीं पोमेश्वर जलतारे सिक्किम में तैनात थे और एक महीने की छुट्टी पर घर आए थे। पोमेश्वर का तीन साल का बेटा है और वे पांच साल पहले विवाह बंधन में बंधे थे।

स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग नवागढ़ के सड़क पारा और शांति नगर के रहने वाले थे। वे अपने दोस्त जयराम देवांगन की शादी में पंतोरा बारात में शामिल होकर लौट रहे थे। सुकली के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक सड़क से नीचे उतरकर खेत के पास झाड़ियों में जा घुसा।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजा। तीन गंभीर घायलों—सत्य नारायण साहू (35), संतोष साहू (30) और दीपक केवट (25)—को प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स रेफर किया गया।

दुर्घटना के विरोध में नवागढ़ के राछाभाटा चौक पर लोगों ने चक्काजाम कर दिया है। वे फरार ट्रक चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मृतकों के परिजन को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे, एसपी विजय पांडेय और विधायक व्यास कश्यप मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। पुलिस लोगों को समझाइश देकर जाम हटाने का प्रयास कर रही है।

हादसे में जान गंवाने वाले पांचों लोग एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। गांव में शोक का माहौल है।