अंबेडकर जयंती व बैसाखी पर प्याऊ का शुभारंभ, राहगीरों को मिल रहा ठंडा पानी व चना-गुड़

रुद्र सेवा समिति और ब्राह्मण समाज की पहल; वर्षों से जारी सेवा, पशुओं के लिए भी व्यवस्था की तैयारी

अंबेडकर जयंती व बैसाखी पर प्याऊ का शुभारंभ, राहगीरों को मिल रहा ठंडा पानी व चना-गुड़

संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती और बैसाखी पर्व के अवसर पर रुद्र सेवा समिति द्वारा संचालित रुद्र सेना ने शहर में प्याऊ का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत राहगीरों को भीषण गर्मी में ठंडा पानी, चना और गुड़ उपलब्ध कराया जा रहा है।

भिलाई। शहर में सामाजिक सरोकार की एक सराहनीय पहल के तहत अंबेडकर जयंती और बैसाखी के अवसर पर रुद्र सेवा समिति एवं ब्रह्मभट्ट ब्राह्मण समाज द्वारा संयुक्त रूप से प्याऊ का उद्घाटन किया गया। यह प्याऊ पिछले कई वर्षों से लगातार संचालित किया जा रहा है और गर्मी के मौसम में राहगीरों को राहत पहुंचा रहा है। प्याऊ में राहगीरों के लिए ठंडे पानी के साथ चना और गुड़ की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें गर्मी में ऊर्जा और राहत दोनों मिल सके।

 सेवा कार्य लगातार जारी

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य (व्यापार प्रकोष्ठ) अरुण बेरी ने बताया कि यह सेवा कार्य कई वर्षों से निरंतर चल रहा है और आगे भी इसे और विस्तारित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बेजुबान पशुओं के लिए भी पानी की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा।

  जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन

कार्यक्रम में क्षेत्र के सांसद विजय बघेल के मार्गदर्शन का भी उल्लेख किया गया। आयोजकों ने उनके सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

  बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी, समाज के सदस्य और शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। साथ ही कल्याणी वृद्ध आश्रम के संचालक अजय कल्याणी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।