कांग्रेस का लक्ष्य अब 75 प्लस, दीपक बैज ने कहा- भाजपा की झूठ-फरेब की राजनीति उखाड़ने की तैयारी, भूपेश बघेल बोले- भाजपा का झूठ जनता के सामने लाना है
प्रदेश की 90 सीटों में से 71 पर अभी कांग्रेस विधायक हैं। बैज ने शनिवार को रायपुर के राजीव भवन में पीसीसी चीफ का पदभार ग्रहण किया। इससे पार्टी में नया उत्साह और लक्ष्य तय किया है कि इस बार विधानसभा में कांग्रेस को 75 से अधिक सीटों पर जीत दिलाने के लिए काम करेंगे।

रायपुर। कांग्रेस सांसद दीपक बैज के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी संभालते ही पार्टी ने ऐलान कर दिया है कि वह अब छत्तीसगढ़ में मिशन 75 प्लस पर काम करेगी। प्रदेश की 90 सीटों में से 71 पर अभी कांग्रेस विधायक हैं। बैज ने शनिवार को रायपुर के राजीव भवन में पीसीसी चीफ का पदभार ग्रहण किया। इससे पार्टी में नया उत्साह और लक्ष्य तय किया है कि इस बार विधानसभा में कांग्रेस को 75 से अधिक सीटों पर जीत दिलाने के लिए काम करेंगे। इसके साथ ही दीपक बैज ने अपने पहले संबोधन में कार्यकर्ताओं को भी दो संदेश दिए। पहला, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी।
दूसरा, सत्ता और संगठन के बीच तालमेल के साथ काम करना होगा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बैज ने कहा, सीएम भूपेश बघेल के चेहरे पर हम 2023 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य 2023 के चुनाव में मिशन 75 प्लस हासिल करना है। झूठ और फरेब की राजनीति को उखाड़ फेंकना है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि दीपक बैज सबसे कम उम्र के पार्टी अध्यक्ष हैं। हम सबको अध्यक्ष के आदेश का पालन करना है।
हम सबको मिलकर 2018 की तरह फिर से एक बार चुनाव लड़ना है। भाजपा का काम झूठ फैलाना है। हमें झूठ फैलाने वालों से लड़ना है। सीएम ने कहा कि अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी ने झूठ बोलकर छत्तीसगढ़ की जनता को गुमराह करने का काम किया है। धान खरीदी, राशन कार्ड और राशन वितरण सब में झूठ बोलकर गए हैं। ऐसे में हमारे कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि हम जनता के बीच सच्चाई को लेकर जाएं। इसके लिए अध्यक्ष की अनुमति से कार्यक्रम बनाकर अपनी ड्यूटी में लग जाएं।
समर्पण का फल मिलता है: मरकाम
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने बैज को बधाई देते हुए कहा कि दीपक सबसे कम उम्र के अध्यक्ष हैं। कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि पार्टी के प्रति समर्पित रहने का फल मिलता है। तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष और सीएम भूपेश के नेतृत्व में 2013 से 2018 तक विपक्ष में रहते हुए हम सबने जिस ढंग से मेहनत की और भाजपा सरकार को उखाड़ फेंका। अब हमारे ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है।
सत्ता-संगठन में समन्वय होगा
बैज ने कहा- हमारे पास किसान और मजदूर का चेहरा है। हम 18 घंटे काम करेंगे और सरकार बनाएंगे। तीन महीना दिन- रात काम करेंगे और जिता कर लाएंगे। पांच साल सरकार काम करेगी। उन्होंने कहा, सत्ता और संगठन अलग-अलग हैं। सत्ता और संगठन में तालमेल होना जरूरी है। इसके समन्वय से ही हम छत्तीसगढ़ का विकास कर सकते हैं।
3:30 घंटे में आए राजीव भवन
एयरपोर्ट से राजीव भवन तक पीसीसी चीफ दीपक बैज का जोरदार स्वागत हुआ। एयरपोर्ट से राजीव भवन तक का सफर पूरा करने में लगभग साढ़े तीन घंटे लगे। इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तय समय से राजीव भवन पहुंच गए थे। बैज ने इसके लिए खेद जताते हुए कहा कि सीएम भूपेश को डेढ़ घंटे तक राजीव भवन में इंतजार करना पड़ा।
प्रदेश में सबसे लंबा कार्यकाल भूपेश बघेल का रहा
छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक बार पीसीसी चीफ बनने का रिकार्ड डॉ चरणदास महंत के नाम है, लेकिन सबसे लंबा कार्यकाल भूपेश बघेल का रहा है। जबकि सबसे युवा अध्यक्ष दीपक बैज हैं। अब तक 7 नेता पीसीसी चीफ का दायित्व संभाल चुके हैं।