खास समाचार : भिलाई में नकली पुलिस बनकर लड़की से छेड़खानी: BSF के दो जवान गिरफ्तार
नशे में धुत जवानों ने जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश, NSUI कार्यकर्ताओं की सतर्कता से बची लड़की
भिलाई (सन टाइम्स)। भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में BSF के दो जवानों द्वारा नशे की हालत में एक लड़की के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लड़की को जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता और NSUI कार्यकर्ताओं की मदद से लड़की को बचा लिया गया। पुलिस ने दोनों जवानों को गिरफ्तार कर लिया है।
भिलाई के सेक्टर 6 में BSF के दो जवानों की शर्मनाक हरकत सामने आई, जहां उन्होंने शराब के नशे में एक लड़की से छेड़खानी की। दोनों जवान नकली पुलिस अधिकारी बनकर शनिवार शाम लड़की को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पार्क में मौजूद सुखसोनी बज्जे ने घटना को देखा और विरोध किया, लेकिन जवानों ने उसे भी धमकाने की कोशिश की।
सुखसोनी ने तुरंत NSUI कार्यकर्ता सुनील वर्मा को सूचना दी, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक पुलिस की मदद ली। ASP ट्रैफिक ऋचा मिश्रा के निर्देश पर जवानों को गिरफ्तार कर उनकी गाड़ी को ट्रैफिक टावर लाया गया। बाद में सुपेला पुलिस को सौंप दिया गया। जांच में पता चला कि आरोपी जवानों का टेक हेडक्वार्टर कांकेर में है और भिलाई सेक्टर 6 में भी इनका कार्यालय है। जिस गाड़ी में वे घूम रहे थे, उस पर पुलिस और नीली बत्ती लगी थी, लेकिन वह किराये की थी। गाड़ी के अंदर शराब की बोतलें और कोल्ड ड्रिंक्स भी बरामद हुए हैं।
NSUI के जिला कार्यकर्ता सुनील वर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग पुलिस बनकर एक लड़की को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने की कोशिश कर रहे हैं। समय रहते कार्रवाई करने से लड़की सुरक्षित बच गई और आरोपी जवानों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस अब जवानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।