भेंट मुलाकात कार्यक्रम को लेकर निगम की अनोखी ट्रेनिंग:हितग्राही महिलाओं को बताया गया कि सीएम को क्या-क्या है बताना
भेंट मुलाकात कार्यक्रम को लेकर निगम की अनोखी ट्रेनिंग:हितग्राही महिलाओं को बताया गया कि सीएम को क्या-क्या है बताना

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आज भिलाई में भेंट मुलाकात कार्यक्रम है। इसको लेकर भिलाई निगम ने पूरी तैयारी कर ली है। इस सबके बीच एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें निगम की अधिकारी हितग्राही महिलाओं को बता रही है कि उन्हें मुख्यमंत्री को किस तरह से बताना है कि उन्हें शासन योजनाओं से क्या लाभ हुआ है। वहीं निगम आयुक्त ने इसे एक सामान्य ट्रेनिंग बताया है।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का शनिवार दोपहर बाद से भिलाई नगर और वैशाली नगर विधानसभा का दौरा कार्यक्रम है। इस दौरान वो भेंट मुलाकात कार्यक्रम सहित कई अन्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का आम जनता से सीधा संवाद होगा। इस दौरान वो हितग्राहियों से पूछेंगे कि उनके द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से उन्हें क्या लाभ मिला है। सीएम के सवालों का हितग्राही महिलाओं को किस तरह से जवाब देना है और क्या जवाब देना है, यह तक निगम के अधिकारियों ने महिलाओं को बताया है। शुक्रवार को इसके लिए बाकायदा निगम के सभागार में एक ट्रैनिंग बुलाई गई। ट्रैनिंग में कैंप क्षेत्र की महिलाओं को बुलाया गया था। ये ट्रेनिंग शहरी आजीविका मिशन के द्वारा दी गई थी।
महिला अधिकारी ने बताया सीएम के सवालों का क्या होगा जवाब
ट्रेनिंग में निगम की एक महिला अधिकारी के द्वारा बताया जा रहा है कि आपको बताना है कि हम लोग गोबर से कंडे और दिए बनाते हैं। सीएम पूछेंगे की कहां बेचते थे तो बताना है कि राम नगर मुक्तिधाम में कंडे बेचे हैं। दिवाली के समय गोबर के दिए बनाकर आए करते हैं। गोबर से लकड़ी बनाने की योजना में भी काम किया, लेकिन वो उतनी सफल नहीं रही तो उस पर काम नहीं किया। इस तरह महिला अधिकारी ने समूह की महिलाओं को ट्रेनिंग दी है कि उन्होंने मुख्यमंत्री के सवालों का क्या और कैसे जवाब देना है।
गोठान की महिलाओं को बुलाई गई थी बैठक
निगम आयुक्त रोहित व्यास ने बताया कि जो गोठान में महिलाएं काम कर रही हैं उन्हें बुलाया गया था। निगम को एक जानकारी लेनी होती है कि गोठान की महिलाएं क्या उपलब्धि हासिल कर रही हैं और क्या-क्या काम कर रही हैं। इसलिए इस बैठक में सभी महिलाओं से जानकारी ली गई कि वो क्या काम कर रही हैं और किस तरह उन्हें कितनी आय हो रही है। महिलाओं को क्या बोलना है और कैसे बोलना है ऐसा नहीं बताया गया। ये पूरी तरह से गलत है।
...