गुपचुप के चटखारों के साथ लोगों ने बोला जय श्रीराम:रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर 5 हजार से अधिक लोगों को खिलाए फ्री गोलगप्पे

गुपचुप के चटखारों के साथ लोगों ने बोला जय श्रीराम:रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर 5 हजार से अधिक लोगों को खिलाए फ्री गोलगप्पे

22 जनवरी को अयोध्या में श्री रामलला के आगमन पर छत्तीसगढ़ में भी उल्लास का वातावरण रहा। छत्तीसगढ़ के हर जिले में अलग-अलग तरह के आयोजन किए गए। जगह-जगह भंडारे का भी आयोजन किया गया। ऐसे में भिलाई के सेक्टर- 7 में सांवरिया दाबेली सेंटर पर 5 हजार से अधिक लोगों को फ्री गोलगप्पे खिलाए गए।

यहां हजारों की संख्या में लोग गुपचुप खाने के लिए लाइन में लगे रहे। सभी लोग गुपचुप के चटखारों के साथ ही जय-जय श्रीराम के नारे लगाते रहे। सांवरिया दाबेली चाट सेंटर के संचालक ईश्वर चंद जायसवाल ने बताया कि वो सेक्टर- 7 मार्केट में काफी सालों से दाबेली चाट की दुकान लगाते आ रहे हैं।

गुपचुप में भरने के लिए आलू मटर तैयार करते युवा।

अयोध्या में श्रीरामलला के भव्य मंदिर में विराजने के मौके पर उन्होंने गोलगप्पे का भंडारा किया। ईश्वर चंद जायसवाल ने कहा कि भगवान राम टेंट से अपने मंदिर में विराजित हुए हैं। इससे बड़ा दिन हिंदुस्तान के लिए और क्या हो सकता है। इसके लिए हमने 550 साल तक इंतजार किया है। हम भाग्यशाली हैं कि ये मौका हमारे जीवन में आया है।

संचालक ईश्वर चंद ने बताया कि कोरोना चला गया, हमारी जान बची तो कहीं न कहीं इसमें प्रभु राम की इच्छा थी, इसलिए सोचा कि उनके आगमन पर गुपचुप का निःशुल्क भंडारा करना चाहिए और अच्छे से भक्तों की सेवा करनी चाहिए। हमने दिल खोलकर सेवा की है। जितने भी लोग आए हैं, सभी को लाइन में लगवाकर गुपचुप खिलाई जा रही है, ताकि भगदड़ न मचे। उन्होंने कहा कि भक्तों की सेवा से पुण्य मिलेगा।

ईश्वर चंद जायसवाल ने बताया कि उनका लक्ष्य था कि जितने भी लोग आएंगे, सभी को गुपचुप खिलाया जाएगा। शाम 5 बजे से शुरू हुए इस भंडारे में रात 8 बजे तक दो हजार से अधिक लोग पानीपुरी खा चुके थे। हजार से अधिक लोग खाने के इंतजार में थे। देर रात तक ये भंडारा चला, जिसमें 5 हजार से अधिक लोगों ने गुपचुप खाया। इसके लिए पहले से इतना स्टॉक गोलगप्पों का मंगाकर रखा गया था।