बस से उतरते ही गिरे महिला थाना के प्रधान आरक्षक, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

15 दिन की छुट्टी के बाद बेटी संग लौटे थे दुर्ग, बस स्टैंड में पैर फिसलने से हुआ हादसा; दिल का दौरा पड़ने की भी आशंका

बस से उतरते ही गिरे महिला थाना के प्रधान आरक्षक, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

दुर्ग में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। महिला थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक त्रिलोक सिंह की सोमवार को बस स्टैंड पर अचानक मौत हो गई। वे छुट्टी खत्म कर अपनी बेटी के साथ ड्यूटी जॉइन करने दुर्ग लौटे थे, लेकिन बस से उतरते समय हादसे का शिकार हो गए।

दुर्ग। शहर के बस स्टैंड परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब महिला थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक त्रिलोक सिंह अचानक गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। घटना सोमवार की बताई जा रही है।

प्रधान आरक्षक त्रिलोक सिंह (आरक्षक क्रमांक 33) मूलतः मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के निवासी थे। उनकी उम्र करीब 61 वर्ष थी। वे पिछले 15 दिनों से अपने गृहग्राम में अवकाश पर थे। छुट्टी समाप्त होने के बाद वे अपनी बेटी के साथ बस से दुर्ग पहुंचे थे, जहां उन्हें दोबारा ड्यूटी जॉइन करनी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस से उतरते समय उनका पैर फिसल गया और वे अचानक जमीन पर गिर पड़े। गिरने के दौरान उनके आंख के ऊपर चोट लगी। घटना के बाद उनकी बेटी और मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर गिरने से लगी चोट को मौत की वजह माना जा रहा है, हालांकि हृदयाघात की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।