छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 63 ट्रेनों की समय-सारणी बदली, 1 जनवरी से लागू हुआ नया टाइम-टेबल
एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के समय में 5 से 25 मिनट तक की बचत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन से होकर गुजरने वाली 63 गाड़ियों के समय में आंशिक बदलाव
नए साल की शुरुआत के साथ ही रेल यात्रियों के लिए अहम बदलाव किया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन से होकर गुजरने वाली एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों की समय-सारणी में संशोधन किया गया है। 1 जनवरी 2026 से लागू नए टाइम-टेबल के तहत कुल 63 ट्रेनों के परिचालन समय में बदलाव किया गया है, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और ट्रेनों की रफ्तार में सुधार होगा।
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन से होकर चलने वाली ट्रेनों की समय-सारणी में नए साल के पहले दिन से बदलाव लागू कर दिया गया है। नए टाइम-टेबल के अनुसार एक्सप्रेस और पैसेंजर समेत कुल 63 गाड़ियों के समय में आंशिक संशोधन किया गया है। इस बदलाव से ट्रेनों के परिचालन समय में 5 से 25 मिनट तक की बचत होगी।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रेनों की औसत गति बढ़ाने और परिचालन को अधिक सुचारू बनाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है। नई समय-सारणी में अप और डाउन दिशा की 55 एक्सप्रेस और 8 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं, जबकि अन्य स्टेशनों पर ट्रेनों का समय यथावत रखा गया है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के चलते हर साल बदलाव
रेलवे अधिकारियों के अनुसार विभिन्न स्टेशनों और सेक्शनों में चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्यों के कारण हर वर्ष 1 जनवरी से नई समय-सारणी लागू की जाती है। ट्रैक सुधार, सिग्नल प्रणाली उन्नयन और अन्य तकनीकी कार्यों के चलते ट्रेनों की गति में वृद्धि हुई है, जिसके कारण परिचालन समय में यह सुधार संभव हो पाया है।
यात्रियों के समय की होगी बचत
नई समय-सारणी के तहत मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के प्रस्थान से आगमन तक के समय में 10 से 25 मिनट तक की बचत होगी, वहीं पैसेंजर ट्रेनों में 5 से 20 मिनट तक का समय कम होगा। इससे यात्रियों को तेज और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
यात्रियों से अपील
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले संबंधित स्टेशन, रेलवे पूछताछ केंद्र या रेलवे की अधिकृत वेबसाइट से 1 जनवरी 2026 से लागू नई समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
suntimes 