छावनी के कैंप-02 में ड्राय फ्रूट दुकान में भीषण आग, लाखों का माल खाक
शॉर्ट सर्किट की आशंका, समय रहते बाहर निकले कर्मचारी
दुर्ग के छावनी क्षेत्र स्थित कैंप-02 में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ड्राय फ्रूट की दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटों ने देखते ही देखते लाखों रुपये के माल को अपनी चपेट में ले लिया।
भिलाई। छावनी इलाके के कैंप-02 में स्थित ज्योति एंटरप्राइजेस नामक ड्राय फ्रूट एवं सूखे मेवों की दुकान में अचानक धुआं उठने लगा। धुआं निकलता देख दुकान में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को भांपते हुए सभी कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा बड़ी मात्रा में ड्राय फ्रूट व अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन बताया जा रहा है कि लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग तेजी से फैली, हालांकि समय रहते कर्मचारियों के बाहर निकल जाने से कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।
suntimes 