टिकट मिलते ही विजय बघेल को लोगों ने दी बधाई... विजय बघेल ने कहा इस बार पीएम मोदी की गारंटी पर होगा चुनाव....

टिकट मिलते ही विजय बघेल को लोगों ने दी बधाई... विजय बघेल ने कहा इस बार पीएम मोदी की गारंटी पर होगा चुनाव....

भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर लोकसभा प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। दुर्ग लोकसभा सीट पर फिर सांसद विजय बघेल का चेहरा सामने आया है। टिकट फाइनल होते ही सांसद आवास में जमकर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़े बजाकर खुशी मनाई।  टिकट फाइनल होने के बाद सांसद विजय बघेल से बातचीत की। उन्होंने कहा कि वो इस बार फिर पीएम मोदी की गारंटी, कार्यकर्ताओं के जोश और जनता के विश्वास पर चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस के प्रत्याशी को लेकर उन्होंने कहा कि विपक्ष को कभी कमजोर नहीं समझना चाहिए, इसलिए वो इस चुनाव को भी पूरी दृढ़ता के साथ लड़ेंगे और जीत दर्ज करेंगे।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नड्डा जी, अमित शाह और राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके ऊपर जो विश्वास जताया है, वो उस पर खरे उतरेंगे। उसका प्रतिफल वो जीत दर्ज करके उन्हें देंगे। मोदी की गारंटी को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी गारंटी सिर्फ देश नहीं पूरे विश्व में चलती है। वो जो कहते हैं वो होना तय है। ये विश्वास विश्व के कई देशों को है। विश्व के कई नेता उन्हें बॉस मानते हैं। ये सौभाग्य है कि हम ऐसे नेता की छत्रछाया में पल-बढ़ रहे हैं।

जिस समय टिकट की घोषणा हुई सांसद विजय बघेल दौरे पर थे। उसके बाद से ही उनका जगह जगह स्वागत शुरू हो गया। वो देर रात अपने आवास पहुंचे। यहां भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उनकी पत्नी रजनी बघेल ने आरती उतार कर उन्हें जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दीं तो सांसद प्रत्याशी ने उन्हें मिठाई खिलाकर टिकट की बधाई दी। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेत्री नाचते गाते रहे।

टिकट फाइनल होने के बाद राज्य के मंत्री दयाल दास बघेल देर रात सांसद आवास पहुंचे। उन्होंने सांसद विजय बघेल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता इंतजार कर रही थी कि कब प्रत्याशी के नाम की घोषणा हो। विजय बघेल को फिर से टिकट मिलने पर दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में हर गांव में लोग पटाखे फोड़ रहे हैं। मिठाई बांट रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने बैठक में ये संकल्प लिया है कि इस बार विजय बघेल को 6 लाख मतों से विजय बनाकर केंद्र में भेजेंगे और हमारी इच्छा है कि वो केंद्रीय मंत्री बनकर आएं।

इस दौरान भिलाई जिला के नए भाजपा जिलाध्यक्ष महेश वर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर एक कार्यकर्ता पूरी मेहनत से चुनाव कार्य में लगेगा। वो रामलला के दर्शन करने गए थे। वहां से लौटते ही उन्हें यह खुशखबरी मिली की विजय बघेल का टिकट फाइनल हुआ है। उन्होंने कहा कि वो भिलाई जिला से उन्हें जीत की सबसे बड़ी लीड दिलाएंगे।