दुर्ग में अपराध का तांडव: 10 दिनों में पांचवीं हत्या, शंकर नगर में युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या

रीलबाज़ों के हौसले बुलंद, पुलिस का खौफ नदारद; आधी रात चार युवकों ने घर से बुलाकर चुनचुन विश्वकर्मा की ली जान

दुर्ग में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि मात्र दस दिनों के भीतर पांच हत्याएं हो चुकी हैं। ताजा मामला शंकर नगर गली नंबर 3 का है, जहां देर रात चार युवकों ने घर से बुलाकर एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। बढ़ते अपराध ने पूरे शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

दुर्ग। जिले में बढ़ते अपराधों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार 10 दिनों में पांच हत्याओं के बाद अब शंकर नगर से एक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। देर रात करीब 1 बजे गली नंबर–3 में रहने वाले युवक चुनचुन विश्वकर्मा की चार बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, चुनचुन रात में अपने घर में सो रहा था। तभी चार युवक उसके घर के बाहर पहुंचे और उसे नाम लेकर आवाज देने लगे। कुछ देर बाद जब चुनचुन बाहर निकला, तो आरोपियों ने पहले उससे गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने जेब से चाकू निकाला और चुनचुन के छाती व पेट में ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में बुरी तरह लहूलुहान हुए चुनचुन मौके पर ही गिर पड़े।

शोर सुनकर परिजन बाहर आए, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

फिलहाल मोहन नगर पुलिस थाना मामले की जांच में जुटी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी भेज दिया गया है। जिले में लगातार हो रही हत्याओं के बीच पुलिस पर कार्रवाई न करने और केवल “कागजों में अपराध नियंत्रण” दिखाने का आरोप भी लग रहा है। बढ़ते अपराधों ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।