दुर्ग में कुख्यात बदमाश के खिलाफ NSA की कार्रवाई:18 मामले हैं दर्ज, 3 महीने के लिए भेजा गया जेल, कलेक्टर ने लिया एक्शन
दुर्ग-भिलाई।
दुर्ग के कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कुख्यात बदमाश संगीत मधुकर उर्फ टेटे को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत 3 महीने के लिए जेल भेज दिया है। पथर्रा वार्ड क्रमांक-05, पुरानी भिलाई का 28 वर्षीय यह आरोपी पिछले एक दशक से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी 2015 से लगातार अपराधों में शामिल रहा है। उस पर कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 11 मामले मारपीट और जान से मारने की धमकी के हैं। 7 मामले पशु तस्करी से जुड़े हैं।
दहशत ऐसी, कोई नहीं देता था गवाही
पुलिस रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी दादागिरी करता था। वह लोगों का रास्ता रोकता और धारदार हथियारों से हमला करता था। उसकी दहशत के कारण कोई भी व्यक्ति उसके खिलाफ गवाही देने को तैयार नहीं होता था।
आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया
एएसपी पद्मश्री तंवर के अनुसार, आरोपी की गतिविधियां कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन गई थीं। एसएसपी ने जुलाई 2025 में जिला दंडाधिकारी को रासुका के तहत कार्रवाई की अनुशंसा की। कलेक्टर ने 28 अगस्त को आदेश जारी किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
राष्ट्रीय सुरक्षा कानून 1980 से लागू है। इस कानून के तहत सरकार उन लोगों को हिरासत में ले सकती है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और लोक व्यवस्था के लिए खतरा हों। इसकी सबसे कठोर विशेषता यह है कि किसी भी आरोपी को बिना आरोप तय किए अधिकतम 12 माह तक हिरासत में रखा जा सकता है।
suntimes 