दुर्ग में प्रॉपर्टी डीलर पर जमीन हड़पने का आरोप, बंदूक के दम पर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने की शिकायत
करोड़ों की जमीन पर कब्जा, कम कीमत में सौदा करने का दबाव और परिवार को धमकाने का आरोप; मोहन नगर पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग में एक प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन हड़पने, लाइसेंसी बंदूक दिखाकर दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर कराने और शिकायतकर्ता व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर मोहन नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मालवीय नगर निवासी प्रविंदर सिंह चाने ने मोहन नगर थाना में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि डिपरापारा वार्ड-9 निवासी प्रॉपर्टी डीलर लाखन सिंह ने वर्ष 2017-18 से सिकोला बायपास स्थित अंजनी मैरिज पैलेस परिसर और उससे लगी करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब उन्होंने जमीन की स्थिति की जानकारी लेने के लिए राजस्व विभाग और पटवारी से संपर्क करने का प्रयास किया, तब आरोपी को इसकी भनक लग गई। इसके बाद आरोपी ने उन्हें लगातार धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी के प्रभाव और धमकियों के कारण कोई भी खरीदार जमीन खरीदने के लिए आगे नहीं आया, जिससे मजबूर होकर उन्हें वही जमीन आरोपी के पक्ष में बेचनी पड़ी।
प्रविंदर सिंह का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें अपने कार्यालय बुलाया, जहां सामने लाइसेंसी बंदूक रखकर भय का माहौल बनाया और रजिस्ट्री सहित अन्य दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए। उनका कहना है कि जमीन का सौदा तय होने के बावजूद पूरी राशि का भुगतान नहीं किया गया और शेष रकम मांगने पर झूठे मामलों में फंसाने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने पहले उनकी पत्नी नम्रता चाने के नाम दर्ज एक रजिस्ट्री पर भी आपत्ति दर्ज कराई थी। साथ ही बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर जमीन बेचने का दबाव बनाया और कानूनी मामलों में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को व्हाट्सएप संदेशों के स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं। उनका दावा है कि आरोपी ने मैसेज के माध्यम से खसरा नंबर 290 की जमीन की रजिस्ट्री को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखीं और उनकी पत्नी को भी मामले में फंसाने की चेतावनी दी। बाद में संदेश डिलीट कर दिए गए, लेकिन उससे पहले उनके स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिए गए।
प्रविंदर सिंह का आरोप है कि आरोपी और उसके सहयोगी लगातार उनके परिवार पर नजर रख रहे हैं तथा घर से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहन नगर थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की तथ्यात्मक जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
suntimes 