पत्नी की हत्या कर शव को पटउहा में लटकाया....वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद किया थाने में सरेंडर

दुर्ग के धमधा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर पहले हत्या की फिर उसकी लाश के घर के पटउहा के ऊपर लटका दिया। इसके बाद आरोपी ने खुद थाने जाकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
धमधा थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि ग्राम देवरी निवासी किशुन साहू (35 साल) ने शुक्रवार को थाने आकर सरेंडर किया था। उसने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी कविता साहू की हत्या कर दी है। उसकी बात सुनकर पुलिस अचंभित हो गई। पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में लिया और फिर उसके घर पहुंची।
घर जाने पर आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी के शव को कहां छिपाया है। आरोपी के बताए मुताबिक पुलिस उसके घर में बने कोठा के पटउहा पहुंची। वहां उसकी पत्नी का शव लकड़ी म्यार में लटका हुआ था। पुलिस ने शव को नीचे उतारा। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
किशुन साहू और कविता के चार बच्चे हैं। किशुन ने पुलिस को बताया कि उसकी साथ 15-16 साल पहले हुई थी। वो खेती किसानी करता है। शादी के बाद से उसकी पत्नी और उसका किसी ना किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। कई बार नाराज होकर कविता अपने मायके भी चली गई थी।
शुक्रवार को भी किशुन और कविता के बीच काफी विवाद हुआ। इससे नाराज होकर किशुन ने जानवर को बांधने वाले गेरुवा से उसका गला दबा दिया। जब उसकी मौत हो गई तो उसके शव को लकड़ी के म्यार से लटका दिया और खुद थाने जाकर सरेंडर कर दिया।