पार्किंग को लेकर विवाद में होटल कारोबारी से मारपीट

कमल विहार में तीन युवकों पर गाली-गलौज और हमला करने का आरोप, कार पर पुलिस की नंबर प्लेट और हूटर लगाने की भी जांच

पार्किंग को लेकर विवाद में होटल कारोबारी से मारपीट

रायपुर। कमल विहार इलाके में सड़क किनारे वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद ने देर रात मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि तीन युवकों ने होटल कारोबारी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित ने 112 पर सूचना देकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना 24 सितंबर की रात करीब 1:10 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित धीमेंद्र कटरे के मुताबिक, उनकी पत्नी प्रियंका की तबीयत खराब थी। वह उन्हें इलाज के लिए कार से क्लिनिक ले जा रहे थे। कमल विहार स्थित वेंकटेश अस्पताल के सामने बिल्डिंग E02 के पास उन्होंने सड़क किनारे कार खड़ी कर मोबाइल पर बात करना शुरू किया।

इसी दौरान पास में खड़ी KIA कार को हटाने की बात कहने पर विवाद शुरू हो गया। धीमेंद्र का आरोप है कि कार में पुलिस की नंबर प्लेट लगी थी और उसमें हूटर भी लगा हुआ था। उन्होंने कार में बैठे युवक से वाहन हटाने के लिए कहा। बातचीत के दौरान वहां तीन युवक पहुंच गए और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे।

पीछे दौड़कर दोबारा हमले का आरोप

शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद तीनों युवकों ने धीमेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि मारपीट के बाद युवक कुछ दूरी तक उनके पीछे भी दौड़े और दोबारा हमला करने की कोशिश की।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि मारपीट के बाद उनके दोनों गाल और होंठ में दर्द हो रहा है। उन्होंने युवकों पर शराब के नशे में होने का आरोप भी लगाया है।

112 की टीम युवकों को थाने लेकर पहुंची

घटना की सूचना मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को अपने साथ थाने ले गई। शिकायत में आरोपियों की पहचान चंदन साहू, गुलशन साहू और ओमकार साहू के रूप में बताई गई है।

टिकरापारा पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वाहन पर पुलिस की नंबर प्लेट और हूटर के इस्तेमाल से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है।