पीएम मोदी को ओमान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

पीएम मोदी को ओमान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

सुल्तान हैथम ने ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से किया अलंकृत, भारत-ओमान के बीच ट्रेड समझौते पर मुहर

मस्कट (ओमान)। भारत और ओमान के संबंधों में एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक ने देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से सम्मानित किया। यह सम्मान दोनों देशों के बीच गहराते रणनीतिक और आर्थिक रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है।

द्विपक्षीय बैठक में हुए अहम समझौते

सम्मान समारोह से पहले प्रधानमंत्री मोदी और सुल्तान हैथम के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान भारत और ओमान ने व्यापारिक सहयोग को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

कई सेक्टरों को मिलेगा सीधा लाभ

भारत-ओमान व्यापार समझौते से टेक्सटाइल, फुटवियर, ऑटोमोबाइल, जेम्स एंड ज्वैलरी, रिन्यूएबल एनर्जी और ऑटो कंपोनेंट्स जैसे क्षेत्रों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। इस समझौते को लेकर दोनों देशों के बीच नवंबर 2023 से बातचीत चल रही थी।

CEPA को बताया भविष्य की नींव

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और ओमान के बीच प्रस्तावित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA) आने वाले दशकों तक दोनों देशों के रिश्तों की दिशा तय करेगा। उन्होंने इसे साझा भविष्य की रूपरेखा करार दिया।

बिजनेस समिट में निवेश का आह्वान

मस्कट में आयोजित भारत-ओमान बिजनेस समिट को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के मजबूत आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों की सराहना की। उन्होंने स्टार्टअप्स और उद्योग जगत से भारत में निवेश बढ़ाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और भारत-ओमान साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपील की।

21वीं सदी का ऐतिहासिक निर्णय’

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह समझौता 21वीं सदी में भारत और ओमान के लिए नई ऊर्जा और नया भरोसा लेकर आएगा। इससे व्यापार को गति मिलेगी, निवेश का माहौल मजबूत होगा और सहयोग के नए अवसर पैदा होंगे।