बिजली मीटर वेरिफिकेशन के नाम पर ठगी: AIIMS नर्सिंग ऑफिसर से 1.64 लाख की साइबर धोखाधड़ी

APK फाइल डाउनलोड कराकर हैक किया मोबाइल

बिजली मीटर वेरिफिकेशन के नाम पर ठगी: AIIMS नर्सिंग ऑफिसर से 1.64 लाख की साइबर धोखाधड़ी

रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। AIIMS Raipur में पदस्थ एक नर्सिंग ऑफिसर को बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर ठगों ने अपना शिकार बनाया और उसके खाते से 1.64 लाख रुपए पार कर दिए।

पुलिस के मुताबिक, हीरापुर स्थित हर्षित विहार निवासी हरकेश सिंह यादव (36) सरोना क्षेत्र में अपना नया मकान बनवा रहे हैं। उन्होंने हाल ही में चंगोराभाठा स्थित बिजली कार्यालय में नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। 25 मार्च को उनके घर में बिजली मीटर लगाया गया।

इसके अगले ही दिन 26 मार्च को उन्हें एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनके नए मीटर का वेरिफिकेशन अभी बाकी है।

विश्वास दिलाने के लिए जालसाज ने पीड़ित को मीटर से जुड़ा असली BP नंबर भी बताया, जिससे वह उसके झांसे में आ गया। इसके बाद ठग ने व्हाट्सएप के जरिए एक APK फाइल भेजी और उसे डाउनलोड कर फॉर्म भरने को कहा।

फॉर्म भरने के बाद आरोपी ने 13 रुपए की मामूली फीस जमा करने का झांसा दिया। जैसे ही पीड़ित ने अपने HDFC बैंक के क्रेडिट कार्ड की जानकारी साझा की, ठगों ने उसके खाते से 1.64 लाख रुपए निकाल लिए।

जांच में सामने आया कि ठगों ने पहली ट्रांजेक्शन Blinkit और दूसरी Apple के अकाउंट में की।

घटना के बाद पीड़ित ने आमानाका थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और साइबर ठगों की तलाश की जा रही है।