बीजेपी का राज्य सरकार पर हमला:धरमलाल कौशिक बोले- शराब के बाद रेत, चावल घोटाले की बारी,अब बदनामी से डर रही श्रेय लेने वाली कांग्रेस

बीजेपी का राज्य सरकार पर हमला:धरमलाल कौशिक बोले- शराब के बाद रेत, चावल घोटाले की बारी,अब बदनामी से डर रही श्रेय लेने वाली कांग्रेस

कांग्रेस की सरकार में ED के दो हजार करोड़ रूपए का घोटाला उजागर होने के बाद भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में महाधरना-प्रदर्शन का आयोजन कर रही है। बिलासपुर में धरना-प्रदर्शन में पूर्व नेता प्रतिपक्ष और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके मुख्यमंत्री गोधन न्याय योजना, नरवा-गरवा, घुरवा-बाड़ी और गोबर खरीदी का श्रेय ले रही है तो उन्हें दो हजार करोड़ रूपए के घोटाले की बदनामी भी लेनी चाहिए। उन्हें तत्काल इस्तीफा भी देना चाहिए। क्योंकि, अब प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार से मुक्ति चाह रही है।

नेहरू चौक में आयोजित धरना-प्रदर्शन में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही प्रदेश विकास के बजाए विनाश की ओर अग्रसर हो रहा है। शराबबंदी की घोषणा अपने घोषणा पत्र में करने के बाद कांग्रेस को लोगों के जान की चिंता नहीं है। शराब के नाम पर प्रदेश भर में कमीशन का खेल चलता रहा और अभी तक दो हजार करोड़ रूपए का घोटाला ईडी ने उजागर किया है। उन्होंने कहा कि जब अच्छे और विकास के काम होते है तो उसका सारा श्रेय टीम के मुखिया यानी मुख्यमंत्री को जाता है तो प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार का श्रेय भी मुख्यमंत्री को क्यों नही जाना चाहिए।

कोयला और शराब के बाद अब रेत व चावल की बारी
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी तक 500 करोड़ रूपए का कोयला घोटाला, दो हजार करोड़ का शराब घोटाला उजागर हो चुका है अभी और भी चावल, रेत के मामले में घोटाला उजागर होने वाला है। उन्होंने कहा कि जल मिशन में पानी नहीं निकलता नोटों की वर्षा होती है। प्रदेश में अभी तक 17 लाख लोगों तक जल पहुंचाया गया है, जबकि 45 लाख परिवारों तक पहुंचना बाकी है। सरकार ने विकास के बजाए पूरे प्रदेश को गर्त में पहुंचा दिया है। धरना-प्रदर्शन को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जयश्री चौकसे, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार कौशिक, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश सूर्या, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष लखन पैकरा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री मोहित जायसवाल ने किया। धरने में अमरजीत सिंह दुआ, मोहित जायसवाल, किशोर राय, रामू साहू, राजेश सूर्यवंशी, मनोहर राज, अजीत सिंह भोगल, अरविंद बोलर, संदीप दास, सोमेश तिवारी, पेंगनलाल वर्मा, बलराम देवांगन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।