धार्मिक पोस्टर जलाने पर हंगामा:2 हजार से ज्यादा लोगों ने किया चक्काजाम, 5 नाबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार; देवी-देवताओं की जलाई थी तस्वीरें

रायपुर. रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में धार्मिक पोस्टर फाड़कर जलाने पर मुहल्ले के करीब 2 हजार लोग सड़कों पर उतरकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बेकाबू होती भीड़ देखकर पुलिस ने 7 लड़कों को पकड़ा है। इसमें 5 नाबालिग हैं। स्थानीय लोगों का हंगामा शुक्रवार की सुबह से दोपहर तक चलता रहा।
ये पूरी घटना रामनगर की है। यहां कुछ लोगों ने देवी-देवताओं के पोस्टर्स लगवाए थे। होलिका दहन के वक्त रात में कुछ बदमाश लड़कों ने इसे पहले फाड़ा और फिर होलिका में डालकर भाग गए। शुक्रवार को इसका CCTV फुटेज सामने आने के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन किया।
वीडियो सोशल मीडिया पर फैला तो गुस्साए मुहल्ले के लोगों ने चक्का जाम कर दिया। गुढ़ियारी के राम नगर इलाके में करीब 3 घंटे तक बवाल हंगामा चलता रहा। हालात इस कदर बिगड़े की आस-पास के तीन थानों से फोर्स बुलवाई गई, पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त बल मंगवाया गया, एडिशनल एसपी, सीएसपी, डीएसपी आस-पास के थानेदार भीड़ को समझाते रहे मगर लोग नहीं मानें।
लाठीचार्ज के हालात बने
इस मामले में एकत्रित हुई भीड़ संदिग्ध लड़कों के घर जाने का प्रयास कर रही थी।लेकिन पुलिस इन्हें रोकती रही। भीड़ बेकाबू होती जा रही थी। इतने में मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने भीड़ पर लाठियां भांज दी। लोगों को खदेड़ा गया। मौके पर मौजूद मुहल्ले के कुछ लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध किया। पुलिस के अफसर लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर घरों के भीतर भेजने का प्रयास करते रहे। लाठियां भाजने से गुस्साए लोगों ने पुलिस से सवाल किए तो कहा गया कि किसी ने पुलिस पर पत्थर फेंका है। ये बवाल करीब 30 मिनट चला।
धार्मिक भावनाएं आहत करने का केस दर्ज
पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने का केस इस मामले में दर्ज किया है। अफसरों ने घंटों तक लाेगों को समझाया तब जाकर लोग सड़क से हटने को राजी हुए। भीड़ काे भरोसा दिलाया गया कि पोस्टर का अपमान करने वालों को पकड़ा जाएगा। इसके बाद अलग-अलग टीमों को इस कांड को अंजाम देने वाले लड़कों को पकड़ने में लगाया गया। CCTV फुटेज में चेहरे साफ नहीं थे। पुलिस काे स्थानीय स्तर पर भी कुछ इनपुट मिले हैं।