बीजेपी नेता मोहल्ले में घर-घर लगाएंगे झंडा...छत्तीसगढ़ में सभी 11 लोकसभा सीटें जीतने भाजपा लाॅन्च करेगी बड़ा अभियान

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर छत्तीसगढ़ बीजेपी सबसे बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। भाजपा के नेता गली-गली और घर-घर जाकर भाजपा का झंडा लगाएंगे। चौराहों पर केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे।
नेता मोहल्लों में उन परिवारों से मिलेंगे, जिन्हें केंद्र और प्रदेश सरकार की योजना का फायदा मिला। मोहल्लों में उन लोगों के जरिए यह प्रभाव जमाने का प्रयास होगा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 11 सीटें भाजपा की झोली में आए। इस अभियान के लिए 3 मार्च को प्रदेशभर से भाजपा के नेता रायपुर में जुटेंगे। इसमें बीजेपी के सभी 17 प्रकोष्ठों के लोग शामिल होंगे। महिला, व्यापारी, डॉक्टर, युवा, बुजुर्ग, NRI, खिलाड़ी, कलाकार, अन्य वर्किंग प्रोफेशनल्स के प्रकोष्ठ के नेता भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठक का हिस्सा होंगे।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री और प्रकोष्ठों के संयोजक रामजी भारती ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित समस्त 17 प्रकोष्ठों के संयोजक, अध्यक्ष, पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
भारती ने बताया कि कार्यकर्ता सम्मेलन में समस्त प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के लिए जिम्मेदारियां सौंपी जाएगी। फिर केंद्र की योजनाओं को लेकर जनता और लाभार्थियों से मिलने का अभियान चलेगा।
प्रत्येक बूथ के 10 घरों में झंडा लगाने, बूथ में 10 दीवारों पर भाजपा का प्रचार कंटेंट लिखने, जगह-जगह चौपाल लगाकर केंद्र की योजनाओं से जनता से चर्चा करने के कार्यक्रम होंगे। यह अभियान 3 मार्च से शुरू होकर लोकसभा चुनाव तक जारी रहेगा।
हर वर्ग को ऐसे साधेगी भाजपा
भाजपा प्रदेश महामंत्री भारती ने कहा कि विधि प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता अधिवक्ता, विधि और कानून से जुड़े लोगों से मिलेंगे। भाजपा की रीति नीति और विचारधारा के बारे में बताएंगे। उसी तरह आर्थिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आर्थिक क्षेत्र के लोगों से, एन.जी.ओ. प्रकोष्ठ स्वयंसेवी संगठन के लोगों से मिलेंगे।
मछुआरा प्रकोष्ठ, शिक्षा प्रकोष्ठ शिक्षा से जुड़े सभी सरकारी गैर सरकारी शिक्षण संस्थान के लोगों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ेंगे। सहकारिता प्रकोष्ठ सहकारिता क्षेत्रों के लोगों को, व्यापार प्रकोष्ठ व्यापारिक कॉमर्स क्षेत्र के लोगों से, व्यवसायी प्रकोष्ठ व्यवसाय करने वाले लोगों से, झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ झुग्गी झोपड़ी क्षेत्रों में जाकर।
सांस्कृतिक प्रकोष्ठ सांस्कृतिक एवं कला क्षेत्र के लोगों से, आर.टी.आई प्रकोष्ठ सूचना संकलन करने वाले, बुनकर प्रकोष्ठ बुनकर करने वाले सभी लोगों से, पंचायत प्रकोष्ठ ग्राम पंचायतों में रहने वालों से, नगरीय निकाय प्रकोष्ठ नगरीय निकाय में रहने वालों, प्रदेश सोशल मीडिया का उपयोग करने वाले, प्रदेश आईटी सेल तकनीकी क्षेत्र के लोगों से मिलकर जुड़कर भाजपा के कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएंगे।
1 करोड़ सुझाव से बनेगा घोषणापत्र
भाजपा नेताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक देश को विकसित भारत का संकल्प किया है। इसके लिए देश भर से 1 करोड़ से ज्यादा सुझाव लिए जायेंगे। छत्तीसगढ़ में भी सुझाव लिए जाएंगे इनके आधार पर लोकसभा चुनाव का घोषणा पत्र बन सकता है।