भाजपा की पहली लिस्ट- 195 नाम, इनमें 34 मंत्री:काशी से मोदी, गांधी नगर से शाह.....

भाजपा की पहली लिस्ट- 195 नाम, इनमें 34 मंत्री:काशी से मोदी, गांधी नगर से शाह.....

भाजपा की लोकसभा सूची का इंतजार खत्म, शनिवार शाम को 16 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में 195 नाम जारी हुए। 34 केंद्रीय मंत्रियों को टिकट मिला है। वहीं, सूची में 28 महिलाएं, 27 एससी, 18 एसटी, 57 ओबीसी नाम हैं। 50 साल से कम उम्र के 47 कैंडिडेट हैं, जिन्हें पार्टी ने युवा कहा है।

प्रधानमंत्री मोदी काशी और अमित शाह गांधीनगर से ही लड़ेंगे। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज को विदिशा से, त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब देब को त्रिपुरा पश्चिम और असम के पूर्व CM सर्बानंद सोनोवाल को डिब्रूगढ़ से टिकट मिला है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला अपनी सीट कोटा से फिर मैदान में होंगे। पार्टी ने सिर्फ एक मुस्लिम उम्मीदवार डॉ. अब्दुल सलाम को केरल के मलप्पुरम से प्रत्याशी बनाया है। उत्तरप्रदेश के श्रावस्ती से पूर्व IAS और मोदी के पूर्व निजी सचिव नृपेंद्र मिश्रा के बेटे साकेत मिश्रा को टिकट मिला है।

राजस्थान: 5 सांसदों के टिकट कटे, 2 सीटों पर चेहरे बदले
राज्य में भाजपा ने 5 सांसदों के टिकट काटे हैं। वहीं कांग्रेस से आए 2 नेताओं को भी चुनाव में उतारा है। भाजपा ने कांग्रेस से आए दो नेता नागौर से डॉ. ज्योति मिर्धा और डूंगरपुर-बांसवाड़ा से महेंद्र जीत मालवीय को टिकट दिया गया है। ज्योति मिर्धा विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में आई थीं। वहीं, मालवीय कुछ दिन पहले ही विधायक पद से इस्तीफा देकर कांग्रेस से भाजपा में आए हैं। वसुंधरा के बेटे दुष्यंत सिंह झालावाड़ से पांचवी बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

मध्यप्रदेश: 6 सांसदों के टिकट कटे, 5 सीटों पर बदले चेहरे
राज्य में विदिशा से शिवराज सिंह चौहान और गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रत्याशी बनाया गया है। मंडला सांसद और केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को फिर टिकट मिला है। वे मंडला की निवास सीट से विधानसभा चुनाव हार गए थे। सतना सांसद गणेश सिंह को फिर से मौका दिया गया है। वे सतना से विधानसभा चुनाव हार गए थे।

5 सीटों छिंदवाड़ा, इंदौर, उज्जैन, बालाघाट और धार के लिए अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किए गए हैं। 6 सांसदों के टिकट कटे और 5 सीटों पर चेहरे बदले हैं।

छत्तीसगढ़: 3 महिलाओं को टिकट, कांग्रेस से चिंतामणि महाराज को भी टिकट
राज्य की सभी 11 सीटों पर नामों का ऐलान हुआ। 2 सांसदों को रिपीट किया गया है। वहीं, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को रायपुर से लोकसभा चुनाव लड़ाया जा रहा है। 11 सीटों में 3 महिलाओं को बीजेपी ने टिकट दिया है। कांग्रेस से बीजेपी में आए चिंतामणि महाराज को सरगुजा से टिकट मिला है।