ब्रेकिंग न्यूज : MP के हरदा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट:7 लोगों की मौत, सड़क किनारे बिखरे शव; गंभीर घायल भोपाल-इंदौर भेजे जा रहे

मध्य प्रदेश के हरदा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं 100 से ज्यादा लोग घायल हैं। फैक्ट्री के आसपास सड़क पर भी कुछ शव पड़े हुए दिख रहे हैं। प्रशासन ने 25 से ज्यादा घायलों को हरदा जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पटाखों की यह फैक्ट्री मगरधा रोड पर बैरागढ़ गांव में है। धमाका मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। धमाके की चपेट में आने से कई राहगीर वाहन समेत दूर उछल गए। धमाका इतना तेज था कि पूरे शहर में इसकी आवाज सुनाई दी। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से देखा जा सकता है। अभी भी रुक-रुककर धमाके हो रहे हैं।
जानकारी मिली है कि फैक्ट्री के आसपास बने घरों में बारूद रखा था। धमाके के बाद 60 घरों में आग लग गई। एहतियातन 100 से ज्यादा घरों को खाली कराया गया है। हरदा के आसपास 7 जिलों की फायर ब्रिगेड बुलाई गई है। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।