भिलाई में सुशासन तिहार 2025: आयुक्त ने किया निराकृत आवेदनों का स्थलीय सत्यापन

समस्याओं के समाधान की गुणवत्ता जांचने वार्डों का औचक निरीक्षण, अतिक्रमण और सीवरेज जैसी शिकायतों पर दिए सख्त निर्देश

सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत भिलाई नगर निगम में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जमीनी हकीकत जानने के लिए आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने वार्डों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनसामान्य की समस्याओं के समाधान की प्रगति देखी और आवश्यक सुधार हेतु दिशा-निर्देश दिए।

भिलाई। भिलाई नगर निगम में सुशासन तिहार 2025 के तहत अब तक कुल 1683 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1228 आवेदन मांग से संबंधित थे। इनमें से 1055 का निराकरण हो चुका है, जबकि 173 आवेदन अभी लंबित हैं। वहीं शिकायतों की संख्या 455 रही, जिनमें से 343 का समाधान हो चुका है और 112 अब भी पेंडिंग हैं। शेष आवेदनों का निराकरण जारी है।

स्थलीय सत्यापन पर जोर
दुर्ग के जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सभी नगर निगमों में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के दौरान सुझाव दिया था कि निराकृत मामलों की स्थलीय जांच (फील्ड वेरिफिकेशन) की जानी चाहिए, जिससे जनता की संतुष्टि सुनिश्चित हो सके। इसी क्रम में आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय और जोन आयुक्त ऐसा लहरे ने जोन क्रमांक 2 में वार्डों का निरीक्षण किया।

वार्ड 15 की समस्या पर त्वरित संज्ञान
निरीक्षण के दौरान आयुक्त वार्ड क्रमांक 15 निवासी पूर्णिमा गुप्ता के घर पहुंचे, जिन्होंने बताया कि उनका मकान सड़क से नीचे होने के कारण बरसात में घर में पानी भर जाता है। इस पर आयुक्त ने प्रस्ताव बनाकर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इसी दौरान बैकलाइन सीवरेज की समस्या वाले क्षेत्रों का भी जायजा लिया गया।

अतिक्रमण और दुकानों के आवंटन की जांच के निर्देश
शांति नगर पुलिस थाना के पास सियान सदन के बगल में कुछ लोगों द्वारा नजूल भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर कार्रवाई हेतु सहायक राजस्व प्रभारी शरद दुबे को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, वैशाली नगर में पूर्व साडा से आवंटित 20 दुकानों में किराए पर संचालन की शिकायत की भी जांच के आदेश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी
निरीक्षण में वार्ड पार्षद संतोष मौर्या, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मिश्रा और उनकी टीम भी मौजूद रही।