मध्यप्रदेश में कुछ ही देर में डॉ. मोहन मंत्रिमंडल विस्तार....28 मंत्री लेंगे शपथ; नेताओं का राजभवन पहुंचना शुरू

मध्यप्रदेश में कुछ ही देर में डॉ. मोहन मंत्रिमंडल विस्तार....28 मंत्री लेंगे शपथ; नेताओं का राजभवन पहुंचना शुरू

मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार आज होने जा रहा है। मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में 28 मंत्री शपथ लेंगे। इनमें 18 कैबिनेट और 10 राज्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। ​​​शपथ ग्रहण समारोह दोपहर साढ़े 3 बजे राजभवन में होगा। जिन विधायकों को मंत्री बनाया जा रहा है, उन्हें फोन पर सूचना देकर राजभवन में मौजूद रहने को कहा गया है। इनमें कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, विजय शाह, तुलसी सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत भी शामिल हैं। हालांकि, मंत्रिमंडल में कितने और कौन विधायक शामिल होंगे, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुबह करीब सवा 9 बजे राजभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल को उन विधायकों के नाम सौंपे, जो मंत्री के रूप में शपथ लेंगे। राजभवन से बाहर निकलते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से कहा, 'आज दोपहर साढ़े तीन बजे माननीय राज्यपाल नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व और सीनियर नेताओं के मार्गदर्शन में नया मंत्रिमंडल प्रदेश की बेहतरी के लिए काम करेगा।'

बता दें कि विधानसभा चुनाव का रिजल्ट 3 दिसंबर को आया था। इसके ठीक 10 दिन बाद 13 दिसंबर को सीएम डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी। 12 दिन बाद आज मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कैबिनेट में पिछली बार के कई मंत्रियों को जगह नहीं मिलेगी। सागर जिले की खुरई विधानसभा क्षेत्र से भूपेंद्र सिंह और रहली से गोपाल भार्गव को इस बार मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया जा रहा है। भार्गव वर्तमान विधायकों में सबसे सीनियर हैं। वे रहली से लगातार 9वीं बार जीते हैं। नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं। वहीं, भूपेंद्र सिंह भी गृह, परिवहन और नगरीय विकास व आवास मंत्रालय संभाल चुके हैं।