राज्य स्तर पर चमकी बिलासपुर पुलिस की कार्यशैली: अजाक थाना और डीएसपी डीआर टंडन होंगे सम्मानित

उत्कृष्ट अनुसंधान, संवेदनशील पुलिसिंग और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के प्रयासों को मिला सम्मान, स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री करेंगे पुरस्कार प्रदान

राज्य स्तर पर चमकी बिलासपुर पुलिस की कार्यशैली: अजाक थाना और डीएसपी डीआर टंडन होंगे सम्मानित

बिलासपुर। उत्कृष्ट अनुसंधान, प्रभावी कानून व्यवस्था और संवेदनशील पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर बिलासपुर पुलिस को राज्य स्तर पर दो महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त हुए हैं। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सूची के अनुसार अजाक थाना, बिलासपुर को शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार तथा उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) डीआर टंडन को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। दोनों पुरस्कार 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों प्रदान किए जाएंगे।

अनुसंधान और निष्पक्ष कार्रवाई के लिए मिला सम्मान

राज्य स्तरीय पुरस्कारों में अजाक थाना, बिलासपुर का चयन अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों की समयबद्ध, निष्पक्ष एवं संवेदनशील जांच के लिए किया गया है। पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने और प्रभावी अनुसंधान के आधार पर थाने को शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान के साथ 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी।

डीएसपी डीआर टंडन को मिलेगा डीजीपी अवॉर्ड

जिले में अपराध अनुसंधान, कानून व्यवस्था को मजबूत करने तथा कमजोर वर्गों के अधिकारों की सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) डीआर टंडन को डीजीपी पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस पुरस्कार के तहत उन्हें 25 हजार रुपए की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।

टीमवर्क और जनसहयोग का मिला प्रतिफल

इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे पुलिस बल की मेहनत, समर्पण और बेहतर टीमवर्क का परिणाम बताया। अधिकारियों ने कहा कि जिले की जनता के विश्वास और सहयोग ने पुलिस को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा दी है।

लगातार दूसरे वर्ष राज्य स्तर पर पहचान

बिलासपुर पुलिस की यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि पिछले वर्ष भी जिले को शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। लगातार दूसरे वर्ष राज्य स्तर पर मिली यह सफलता पुलिस की पेशेवर कार्यशैली और प्रभावी पुलिसिंग का प्रमाण मानी जा रही है।