रायपुर सेंट्रल जेल में सुरक्षा का सख्त पहरा: प्याज, बिस्किट और साबुन में छिपाकर नशीला सामान पहुंचाने की कोशिश नाकाम
मुलाकात के दौरान प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने के कई नए तरीके आए सामने, जांच में बरामद हुए नशीले पदार्थ; सुरक्षा बढ़ाने के लिए बाहरी दुकानों की कुछ वस्तुओं पर अस्थायी रोक
रायपुर। रायपुर केन्द्रीय जेल में बंदियों तक प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने के लिए अपनाए जा रहे नए-नए हथकंडों का खुलासा हुआ है। मुलाकात के दौरान परिजनों द्वारा प्याज, बिस्किट के पैकेट और साबुन जैसी दैनिक उपयोग की वस्तुओं में नशीले पदार्थ छिपाकर जेल के भीतर पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन जेल प्रशासन की सतर्कता और सघन जांच के चलते सभी प्रयास विफल कर दिए गए। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करते हुए कुछ आवश्यक सामग्री केवल जेल कैंटीन के माध्यम से उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
प्याज, बिस्किट और साबुन में छिपाकर पहुंचाई जा रही थी प्रतिबंधित सामग्री
केन्द्रीय जेल प्रशासन की जांच में सामने आया कि कुछ लोग मुलाकात के दौरान बंदियों तक प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने के लिए बेहद सुनियोजित तरीके अपना रहे थे। सीलबंद बिस्किट के पैकेटों को सावधानीपूर्वक खोलकर उनमें नशीली गोलियां रखी जाती थीं और फिर दोबारा इस तरह पैक किया जाता था कि वे बिल्कुल फैक्ट्री सील जैसे दिखाई दें। तलाशी के दौरान ऐसे पैकेटों से प्रतिबंधित सामग्री बरामद होने पर पूरा मामला सामने आया।
इसी तरह कुछ मामलों में प्याज को भीतर से खोखला कर उसमें गांजे की छोटी-छोटी पुड़ियां भर दी जाती थीं। बाद में उसकी बाहरी परत को इस तरह व्यवस्थित किया जाता था कि सामान्य जांच में छेड़छाड़ का अंदाजा न लगे।
साबुन की टिकिया भी बनी तस्करी का जरिया
जेल प्रशासन के अनुसार साबुन की टिकिया का उपयोग भी प्रतिबंधित सामग्री छिपाने के लिए किया जा रहा था। साबुन को भीतर से काटकर उसमें नशीले पदार्थ अथवा अन्य प्रतिबंधित सामान रखा जाता और फिर उसे पहले जैसा आकार देकर पैक कर दिया जाता था। गहन जांच के दौरान ऐसे कई प्रयासों का खुलासा हुआ।
सुरक्षा बढ़ाने के लिए नई व्यवस्था लागू
लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए जेल प्रशासन ने एहतियातन कुछ दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बाहरी आपूर्ति पर अस्थायी रोक लगा दी है। अब ये सामग्री बंदियों को केवल जेल कैंटीन के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि अन्य स्वीकृत सामान पहले की तरह नियमानुसार परिजन उपलब्ध करा सकेंगे।
बाजार से कम कीमत पर मिलेगी आवश्यक सामग्री
जेल प्रशासन का कहना है कि कैंटीन में उपलब्ध कराई जाने वाली सभी वस्तुएं गुणवत्तापूर्ण होंगी और उनकी कीमतें सामान्य बाजार दर से कम रखी गई हैं, ताकि बंदियों के परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। प्रशासन के अनुसार इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल जेल की सुरक्षा को मजबूत करना और प्रतिबंधित सामग्री की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना है।
suntimes 