रायपुर समेत 5 जिलों में पारा 34 डिग्री के पार:24-25 फरवरी को बस्तर संभाग में बारिश संभव; डिहाइड्रेशन से बचने ज्यादा पानी पिएं स्टूडेंट्स

रायपुर समेत 5 जिलों में पारा 34 डिग्री के पार:24-25 फरवरी को बस्तर संभाग में बारिश संभव; डिहाइड्रेशन से बचने ज्यादा पानी पिएं स्टूडेंट्स

छत्तीसगढ़ के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। 5 जिलों का अधिकतम तापमान तो 34 डिग्री के पार चला गया है। यह तापमान सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। अगले 24 घंटे तक प्रदेश के तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, 24 और 25 फरवरी को बस्तर संभाग के जिलों में बारिश की संभावना है।

बुधवार को सबसे ज्यादा डोगरगढ़ में 35.4 डिग्री तापमान रहा। वहीं, सबसे कम अंबिकापुर में 14.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दूसरी तरफ बोर्ड परीक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। ऐसे में बच्चों को डिहाइड्रेशन से बचने के लिए ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह एक्सपर्ट दे रहे हैं।  रायपुर में दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 20.7 और अधिकतम 34.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। ये औसत तापमान से 2 डिग्री ज्यादा था। रात का तापमान भी औसत से 3 डिग्री ज्यादा रहा।

सरगुजा में रात का पारा औसत से ज्यादा

सरगुजा संभाग में दिन और रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। अंबिकापुर का न्यूनतम पारा सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा था। यहां तापमान 14.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री रहा। जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। बिलासपुर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान औसत से ज्यादा है। यहां रात का तापमान सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं, दिन का तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। दिन का पारा 34.2 डिग्री रहा। यहां रात का तापमान 18.4 डिग्री पर पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक 24 और 25 फरवरी को बस्तर संभाग के सभी जिलों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। 24 फरवरी को बस्तर ,दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर में बारिश की संभावना है। वहीं, 25 फरवरी को बस्तर संभाग के सभी जिलों में बारिश का अनुमान है।

बढ़ेगा प्रदेश का तापमान

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में दिन के साथ रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। प्रदेशभर में नमीयुक्त हवाओं का असर कम हो गया है। इस वजह से दिन के ​​तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। प्रदेश के लगभग सभी हिस्से में दिन का टेंप्रेचर सामान्य से 5-6 डिग्री तक ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है।

परीक्षा शुरू, ज्यादा पानी पिएं स्टूडेंट्स

बोर्ड एग्जाम शुरू हो चुके हैं। कई जगह स्कूलों में पंखे नहीं होते लिहाजा बढ़ती गर्मी बच्चों को परीक्षा हॉल में परेशान कर सकती है। ऐसे में जरूरी है कि वे ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। शिक्षाविद् डॉ जवाहर सूरी शेट्टी का कहना है कि बच्चों की बॉडी डिहाइड्रेट नहीं होनी चाहिए। इसलिए जरूरी है कि पानी की मात्रा बढ़ाई जाए।