रायपुरियंस बनेंगे रियल लाइफ के हीरो:सड़क हादसे में लोगों के मददगारों को हर महीने सम्मानित करेंगे SP-कलेक्टर; 5 गुड सेमेरिटन होंगे पुरस्कृत

रायपुरियंस बनेंगे रियल लाइफ के हीरो:सड़क हादसे में लोगों के मददगारों को हर महीने सम्मानित करेंगे SP-कलेक्टर; 5 गुड सेमेरिटन होंगे पुरस्कृत

रोड सेफ्टी मंथ के समापन समारोह में रायपुर कलेक्टर और SP ने एक बड़ा ऐलान किया है। रायपुर का जिला प्रशासन हर महीने 5 रियल लाइफ हीरोज का सम्मान करेगा। ये वो लोगों होंगे जिन्होंने सड़क हादसे में राहगीर की मदद की हो। ट्रैफिक रूल्स का पालन करते हों, दूसरों को भी जागरूक करते हों।

समापन कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने कहा कि अक्सर यह देखा जाता है कि जब कोई परिचित हादसे का शिकार होता है तभी हम यातायात के नियमों को याद करते हैं। हो सकता कुछ दिन पालन भी करें लेकिन मानवीय प्रवृत्ति के कारण हम भूल भी जाते हैं, लेकिन हमें हर समय नियमों का पालन करना है साथ ही दूसरों को भी प्रेरित करना है।

कलेक्टर ने कहा कि कई सड़क दुर्घटना का कारण अधोसंरचना में कमी होना है। प्रशासन लगातार इस दिशा में कोशिश करता रहता है और सुधार भी करते रहते हैं मगर बात यहीं तक सीमित नहीं है। एक आम नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि शासकीय संपत्ति की, अधोसंरचना की सुरक्षा करें और उसे बचाए रखें। 

SP संतोष सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले नेक लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा। हर महीने 5 गुड सेमेरिटन को पुरस्कृत किया जाएगा एवं दूसरों को प्रेरित करने के लिए उनका फोटो चौक चौराहों पर होर्डिंग्स में प्रदर्शित किया जाएगा।

कार्यक्रम में एसपी संतोष सिंह ने कहा कि पिछले साल की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में हुई मौत में कमी आई है लेकिन हादसों में वृद्धि हुई है। हम पहले सड़क सप्ताह मनाते थे, फिर पखवाड़ा, अब माह मनाने लगे हैं। आने वाले समय में वर्ष मनाने की आवश्यकता पड़ेगी। वास्तव में यातायात सप्ताह के प्रति निरंतर जागरूक रहने की आवश्यकता है।

उन्होंने विदेशों में यातायात नियमों का उदाहरण देते हुए कहा कि हम सब नागरिक यातायात नियमों के प्रति जागरूक हों और दिनचर्या में शामिल करें। यातायात के बेसिक नियम हेलमेट, सीट बेल्ट, नशे में वाहन न चलाना का पालन करें। यह याद रखें हम सभी को ट्रैफिक नियमों का पालन करना है तभी सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।