रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 77 ट्रेनें रद्द
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, विशाखापट्टनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को बीच मार्ग में समाप्त किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 77 ट्रेनों को रेलवे ने जून महीने में अलग-अलग तारीखों पर रद्द करने का फैसला लिया है। बिलासपुर रेल मंडल के चांपा स्टेशन में चौथी रेल लाइन के निर्माण कार्य के चलते यह निर्णय लिया गया है। रेलवे के अनुसार 7 जून से 19 जून के बीच 65 एक्सप्रेस और 12 पैसेंजर ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इसके अलावा 8 ट्रेनें बदले हुए रूट से चलेंगी, 6 ट्रेनों को गंतव्य से पहले समाप्त किया जाएगा और 5 ट्रेनें देरी से संचालित होंगी।
7 राज्यों पर पड़ेगा असर
इस फैसले का असर छत्तीसगढ़ सहित पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश समेत 7 राज्यों के यात्रियों पर पड़ेगा। गर्मी की छुट्टियों और समर सीजन के दौरान ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को राहत देने के लिए हसदेव एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। 8 से 19 जून तक कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस केवल कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर सेवा के रूप में संचालित होगी।
यात्रियों से अपील
हावड़ा-पुणे दुरंतो, सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-एलटीटी एक्सप्रेस को रायपुर, टिटलागढ़ और झारसुगुड़ा होकर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, विशाखापट्टनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को बीच मार्ग में समाप्त किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।
तीसरी और चौथी रेल लाइन का काम जारी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में विकास के लिए कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसी के तहत बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच तीसरी और चौथी रेलवे लाइन बिछाई जा रही है। यह रूट काफी व्यस्त है और उत्तर भारत को दक्षिण भारत से जोड़ता है।
रेल प्रशासन का कहना है कि नई लाइन बनने से ट्रेनों की आवाजाही आसान हो जाएगी, नई ट्रेनें चलाने का मौका मिलेगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही ट्रेनें समय पर चलेंगी और देरी भी कम होगी।
180 किलोमीटर से ज्यादा काम पूरा
रेलवे प्रशासन ने बताया है कि बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन का निर्माण किया जा रहा है। इसमें अब तक 180 किलोमीटर से ज्यादा काम पूरा हो चुका है। इस परियोजना के तहत बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन के चांपा स्टेशन को भी चौथी रेल लाइन से जोड़ा जाएगा।
suntimes 