अफीम की खेती के मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा, 29 विपक्षी विधायक निलंबित

स्थगन प्रस्ताव खारिज होने पर विपक्ष का प्रदर्शन, आसंदी तक पहुंचे विधायक; सरकार-विपक्ष में तीखी नोकझोंक

अफीम की खेती के मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा, 29 विपक्षी विधायक निलंबित

रायपुर। दुर्ग जिले के समोदा क्षेत्र में अफीम की कथित खेती के मुद्दे ने सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में तीखा राजनीतिक रूप ले लिया। कांग्रेस ने मामले की गंभीरता का हवाला देते हुए स्थगन प्रस्ताव के जरिए चर्चा की मांग की, लेकिन इसे अस्वीकार किए जाने के बाद विपक्ष ने सदन में जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

नारेबाजी करते हुए विपक्षी विधायक आसंदी तक पहुंच गए और गर्भगृह में जाकर हंगामा करने लगे। लगातार बढ़ते शोर-शराबे और अव्यवस्था को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 29 विपक्षी विधायकों को निलंबित कर दिया।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश को अफीम का कटोरा बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि समोदा क्षेत्र में विनायक ताम्रकर द्वारा अफीम की खेती किए जाने की जानकारी सामने आई है, लेकिन सरकार आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। महंत का कहना था कि इससे प्रदेश में सूखे नशे के प्रसार को बढ़ावा मिल सकता है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी मामले में पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि दर्ज की गई एफआईआर कमजोर तरीके से तैयार की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी को बचाने का प्रयास किया गया और घटना ऐसे समय सामने आई जब होली का त्योहार नजदीक था।

कांग्रेस विधायकों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पूरे प्रदेश में स्थित फार्महाउसों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि यदि इस तरह की गतिविधियां जारी रहीं तो प्रदेश में नशे का जाल फैल सकता है।

वहीं, उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने सरकार की ओर से जवाब देते हुए कहा कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई थी। मौके से अफीम जब्त की गई है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि मामले में वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

सदन में इस मुद्दे पर हुए हंगामे के कारण कुछ समय के लिए कार्यवाही प्रभावित रही, जबकि राजनीतिक गलियारों में भी इस मामले को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है।