आसमान से बरस रही आग......10 साल में पहली बार मई में भीषण गर्मी, हीट-वेव से झुलस रहे परिंदे....

बिलासपुर में अब आसमान से आग बरसने लगा है। भीषण गर्मी में उमस और हीट वेव ने लोगों को बेहाल कर दिया है। वहीं, लू के हालत से अब परिंदे भी झुलसने लगे हैं। लगातार बढ़ रही गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मई के आखिरी दिन पारा 46.8 डिग्री तक पहुंच गया, यह सीजन और इस महीने का सबसे गर्म दिन रहा। शहर में अब दिन के साथ ही रात में भी भीषण गर्मी का असर दिख रहा है। उमस और पसीने वाली गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल है।
सुबह 11 बजे के बाद गर्म हवाओं के चलते घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे ही अब रात में भी गर्म हवाएं चल रही है। स्थिति यह है कि पिछले तीन दिनों में हीट वेव की चपेट में आकर तीन लोगों की मौतें भी हो चुकी है। वहीं, लू लगने से अस्पतालों में भी मरीजों की भीड़ बढ़ने लगी है। इस बार मई का आखिरी दिन सबसे ज्यादा गर्म रहा। ऐसी गर्मी बीते छह साल में एक बार भी नहीं पड़ी। एक दशक के भीतर केवल साल 2017 में 23 मई को तापमान 49.3 डिग्री सेल्सियस और साल 2015 में 24 मई को 46.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा था। इसके बाद कभी भी तापमान इतना अधिक नहीं दर्ज नहीं हुआ।
इस साल मई की बात करें तो यह सर्वाधिक तापमान रहा। गर्मी का सबसे अधिक असर माह के अंतिम सप्ताह में देखने को मिला। 28 मई को पारा 46.4 डिग्री, उसके बाद 30 मई को भी 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माह के अंतिम दिन गर्मी ने एक नया रिकार्ड बनाया। नौतपा पर इस साल रिकार्ड गर्मी रहा। अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी जबरदस्त उछाल दिखा। 29 मई को सीजन की सबसे गर्म रात रही। पारा 32.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शुक्रवार को मामूली गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पर उतर गया। हालांकि यह स्थिति में ठीक नहीं है। गर्म हवाओं के कारण सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। दो जून को नौतपा समाप्त होगा।