बैराजों से पानी छोड़े जाने के बाद बढ़ा शिवनाथ का जलस्तर

दुर्ग में भारी बारिश के चलते स्कूलों में छुट्टी, कुम्हारी हाईवे पर पानी से आवाजाही प्रभावित; 13 जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी

बैराजों से पानी छोड़े जाने के बाद बढ़ा शिवनाथ का जलस्तर

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले में शुक्रवार को बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। लगातार हो रही बारिश के बीच शिवनाथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। राजनांदगांव क्षेत्र के चार बैराजों से 14,650 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद नदी किनारे के इलाकों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। दूसरी ओर कुम्हारी में जलभराव के कारण दुर्ग-रायपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है।

स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने 25 सितंबर को जिले के सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया। इसमें सरकारी, निजी, अनुदान प्राप्त और बीएसपी स्कूल शामिल हैं। आदेश सुबह करीब 10 बजे जारी हुआ, इसलिए कई स्कूलों में तब तक कक्षाएं लग चुकी थीं। स्कूल पहुंच चुके विद्यार्थियों को छुट्टी की सूचना के बाद वापस घर लौटना पड़ा।

बैराजों से छोड़ा गया हजारों क्यूसेक पानी

सिंचाई विभाग के अनुसार मोगरा बैराज से 8 हजार क्यूसेक, घुमरिया से 1,250 क्यूसेक, सूखा नाला से 3,200 क्यूसेक और खातूटोला से 2,200 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। कुल 14,650 क्यूसेक पानी शिवनाथ नदी की ओर बढ़ रहा है।

महमरा एनीकट में भी जलस्तर में तेज वृद्धि दर्ज की गई। सुबह करीब 8 बजे 1 फीट 3 इंच रहा पानी 11 बजे तक बढ़कर 2 फीट 3 इंच पहुंच गया। विभाग ने नदी के आसपास के गांवों में जलस्तर और बढ़ने की संभावना को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है।

कुम्हारी में पानी, भारी वाहनों के बदले रूट

दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे पर कुम्हारी ओवरब्रिज के पास चंदनडीह क्षेत्र में पानी भरने से वाहनों की गति प्रभावित हुई। यातायात पुलिस ने भारी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकालना शुरू किया है।

भिलाई और भिलाई स्टील प्लांट से रायपुर जाने वाले कर्मचारियों को उतई, सेलूद, फूंडा और मोतीपुर मार्ग से जाने की सलाह दी गई है। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर और भिलाई क्षेत्र से रायपुर जाने वाले वाहनों के लिए अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला और बिरगांव मार्ग सुझाया गया है।

स्कूलों के बाद विसर्जन पर भी प्रशासन की नजर

भारी बारिश और शिवनाथ के बढ़ते जलस्तर के बीच गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन जारी है। नदी तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम बढ़ाए गए हैं। एसडीआरएफ की 20 सदस्यीय टीम दो मोटर बोट के साथ तैनात है।

प्रशासन ने लोगों से नदी के तेज बहाव और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

13 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने दुर्ग समेत 13 जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। अलर्ट वाले जिलों में बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, कबीरधाम, कांकेर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव, महासमुंद, रायपुर और राजनांदगांव शामिल हैं। विभाग ने अगले तीन घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।