एक इंजन फेल होने की चर्चा:इंडिगो का विमान रनवे पर तीन बार उछला, दहशत से चीखने लगे यात्री, क्रू मेंबरों के चेहरे का रंग उड़ा

एक इंजन फेल होने की चर्चा:इंडिगो का विमान रनवे पर तीन बार उछला, दहशत से चीखने लगे यात्री, क्रू मेंबरों के चेहरे का रंग उड़ा

दिल्ली से रायपुर आ रहे इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी के बाद भले ही इमरजेंसी लैंडिंग लखनऊ एयरपोर्ट पर कराई गई, लेकिन उतरने के पहले विमान जिस तरह से रनवे पर उछला उससे यात्रियों के होश उड़ गए थे। रनवे पर जैसे ही चक्के टकराए, विमान तीन बार उछला। उस दौरान बुजुर्ग और महिला यात्रियों के मुंह से चीख निकल गई। तेज रफ्तार विमान के उछलने से सीट बेल्ट बंधा होने के बावजूद एक बच्चे के साथ कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं।

विमान जब पूरी तरह से रूका तब यात्रियों को जान में जान आई। दिल्ली से रायपुर आने के लिए 200 से ज्यादा यात्री सवार थे। फ्लाइट 6ई859 ने दिल्ली से शाम तकरीबन 6.10 को रायपुर के लिए उड़ान भरी। करीब 40 मिनट बाद विमान में खराबी आ गई। यात्रियों को क्रू मेंबरों से ही पता चला कि एक इंजन फेल हो गया है। विमान उस समय लखनऊ एयरपोर्ट के करीब था। इसलिए पायलट ने लखनऊ एटीसी से इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट में विमान की लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। उन्हें एयरपोर्ट परिसर में लाकर रखा गया। इस दौरान एयरलाइंस के कर्मचारियों ने बताया कि दिल्ली से एक विमान बुलाया जा रहा है। इसी विमान में सभी को दिल्ली ले जाया जाएगा। वहां से यात्रियों को रायपुर लाएंगे। लेकिन रात 11 बजे तक विमान लखनऊ नहीं पहुंचा था। इस दौरान एयरला​इंस की ओर से यात्रियों के लिए खाने-पीने तक की व्यवस्था नहीं की गई थी।

शुरुआत के आधे घंटे तक तो सब भी ठीक था, फिर अचानक विमान के क्रू मेंबर इधर से उधर होने लगे। कुछ देर बाद हमें लगा सब कुछ सामान्य नहीं है। अचानक अनाउंसमेंट हुआ और पायलट ने कहा कि विमान को रायपुर के बजाय लखनऊ ले जाया जा रहा है। सारे यात्री हैरान रह गए। फिर एक के बाद एक कर सबने क्रू मेंबरों से पूछना शुरू किया। कोई कुछ बताने को तैयार नहीं था। बड़ी मुश्किल से केवल इतना बताया कि तकनीकी खराबी आ गई है।

इसी बीच विमान में यह बात तेजी से फैल गई कि फ्लाइट का एक ​इंजन फेल हो गया है। इस वजह से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई जा रही है। इसी अफरा-तफरी के बीच विमान को लखनऊ हवाई अड्डे पर पहुंच गया। विमान जब उतरने लगा तो क्रू मेंबरों के चेहरों में भी परेशानी दिख रही थी। लैंडिंग के दौरान विमान जब बाउंस होने लगा तो कुछ लोगों की चीख सुनाई दी। फ्लाइट में मौजूद महिलाएं और बुजुर्ग बुरी तरह से डर गए थे। विमान जब रनवे पर रुका तब सबने ने राहत की सांस ली। विमान के लैंड होने के साथ ही वहां मौजूद इमरजेंसी टीम ने विमान को चारों ओर से घेर लिया।