एपस्टीन फाइल पर भूपेश का वार: दुनिया में हलचल, लेकिन भाजपा की चुप्पी सवालों के घेरे में

भिलाई में बोले पूर्व सीएम— कश्मीर और केरल फाइल पर राजनीति करने वाली भाजपा अब क्यों मौन?

एपस्टीन फाइल पर भूपेश का वार: दुनिया में हलचल, लेकिन भाजपा की चुप्पी सवालों के घेरे में

अमेरिका में सामने आए एपस्टीन फाइल से जुड़े दस्तावेजों के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मचे घमासान को लेकर अब देश की राजनीति भी गरमा गई है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी को कटघरे में खड़ा करते हुए सवालों की झड़ी लगा दी है।

दुर्ग-भिलाई।पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अमेरिका में सार्वजनिक हुए एपस्टीन फाइल से जुड़े दस्तावेजों को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। भिलाई में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने के बाद पूरी दुनिया में हलचल मची है, लेकिन भारत में भाजपा और उसका शीर्ष नेतृत्व इस मुद्दे पर पूरी तरह खामोश है।

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय चर्चाओं में एपस्टीन फाइल के संदर्भ में प्रधानमंत्री के नाम तक की चर्चा हो रही है, इसके बावजूद भाजपा किसी भी तरह का स्पष्टीकरण देने से बच रही है।

कश्मीर-केरल फाइल पर राजनीति, एपस्टीन पर खामोशी

भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा ने पहले कश्मीर फाइल और केरल फाइल जैसे मुद्दों को लेकर व्यापक राजनीति की। इन विषयों पर फिल्में बनीं, प्रचार किया गया और समाज को बांटने का प्रयास हुआ।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर का है और गंभीर सवाल खड़े कर रहा है, तब भाजपा और उसका नेतृत्व चुप्पी क्यों साधे हुए है।

क्या बोले भूपेश बघेल

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा—

“आप सबने देखा, कश्मीर फाइल आई तो उस पर फिल्म बनी, माहौल बनाया गया। फिर केरल फाइल आई, उस पर भी वही हुआ। अब एपस्टीन फाइल सामने आई है। अमेरिका के न्याय विभाग ने दस्तावेज खोले हैं।

इन दस्तावेजों में प्रधानमंत्री तक के नाम की चर्चा हो रही है, लेकिन भाजपा, उसका नेतृत्व और प्रधानमंत्री सब चुप हैं। कश्मीर और केरल फाइल पर खूब बोला गया, अब एपस्टीन फाइल पर क्यों नहीं?”

कई प्रभावशाली नामों की चर्चा से बढ़ी हलचल

एपस्टीन फाइल से जुड़े खुलासों के बाद अमेरिका समेत कई देशों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स में कई प्रभावशाली और चर्चित हस्तियों के नाम सामने आने की बात कही जा रही है, जिससे पूरे प्रकरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

भूपेश बघेल ने कहा कि ऐसी स्थिति में केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री को देश के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और भ्रम की स्थिति खत्म करनी चाहिए।

लोकतंत्र में जवाबदेही जरूरी: भूपेश

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और जवाब देना दोनों अनिवार्य हैं। यदि भाजपा पारदर्शिता और जवाबदेही की बात करती है, तो उसे इस संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय मुद्दे पर भी खुलकर अपना पक्ष रखना चाहिए।

फिलहाल, भूपेश बघेल के इस बयान पर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।