ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली पर आरक्षक बर्खास्त, फरियादियों से बदसलूकी करने वाले एएसआई और सिपाही लाइन अटैच

दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल की सख्त कार्रवाई — भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता पर गिरी गाज

ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली पर आरक्षक बर्खास्त, फरियादियों से बदसलूकी करने वाले एएसआई और सिपाही लाइन अटैच

 दुर्ग। ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली करने और फरियादियों से बदसलूकी के मामलों में दुर्ग पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। रक्षित केंद्र दुर्ग में पदस्थ आरक्षक अर्जुन दुबे को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि स्मृति नगर चौकी के एएसआई प्रमोद सिंह और आरक्षक रवि ठाकुर को लाइन अटैच किया गया है।

जांच में खुलासा हुआ कि आरक्षक अर्जुन दुबे सुपेला सब्जी मंडी क्षेत्र में छोटे मालवाहक वाहनों से ओवरलोडिंग चालान के नाम पर 200 से 800 रुपए तक की अवैध वसूली करता था। उसने ट्रांसपोर्टर दुर्गेश सिन्हा से 5600 रुपए अपने बैंक खाते में भी लिए थे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा की जांच में आरोप प्रमाणित पाए गए। दुबे को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। बैंक ट्रांजेक्शन और दस्तावेजी साक्ष्य मिलने के बाद एसएसपी विजय अग्रवाल ने माना कि दुबे ने भ्रष्ट आचरण से विभाग की साख को धूमिल किया है, जिसके चलते उसे पुलिस रेग्यूलेशन पैरा 221(क) के तहत सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया गया।

दुबे को इससे पहले भी कर्तव्य में लापरवाही पर एक वेतनवृद्धि रोकने का दंड मिल चुका था।

इसी तरह, स्मृति नगर पुलिस चौकी में पदस्थ एएसआई प्रमोद सिंह और आरक्षक रवि ठाकुर पर चौकी में आए फरियादियों से दुर्व्यवहार और अभद्रता के आरोप लगे थे। जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोनों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र में लाइन अटैच किया गया है।

एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन, पारदर्शिता और जनता के प्रति संवेदनशीलता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।