खास समाचार : पत्रकार मुकेश हत्याकांड: आरोपी के बाड़े पर चली बुलडोजर की कार्रवाई

बीजापुर के चट्टानपारा स्थित अवैध बाड़ा, जहां हत्या के बाद शव फेंका गया था सेप्टिक टैंक में; आठ माह बाद प्रशासन ने तोड़ा कब्जा

युवा पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में मुख्य आरोपी सुरेश चंद्राकर के अवैध बाड़े पर आखिरकार आठ माह बाद बुलडोजर चला। यही वह जगह थी, जहां मुकेश की बेरहमी से हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया था। सोमवार दोपहर राजस्व व नगर पालिका की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की।

बीजापुर। बहुचर्चित पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में आठ माह बाद एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मुख्य आरोपी सुरेश चंद्राकर के चट्टानपारा स्थित उस बाड़े पर सोमवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाया, जहां हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए सेप्टिक टैंक में फेंका गया था।

राजस्व विभाग और नगर पालिका के अमले ने दोपहर को संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे वाले इस बाड़े को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह बाड़ा राजस्व भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया गया था। हत्या के बाद इस स्थान को क्राइम सीन के रूप में पुलिस ने सील किया था।

पत्रकारों ने भी लंबे समय से आरोपी के प्लॉट पर कार्रवाई की मांग उठाई थी। अब जाकर प्रशासन ने इस दिशा में ठोस कदम उठाया है। हत्याकांड से जुड़े आरोपी सुरेश चंद्राकर पर यह कार्रवाई आठ माह बाद हुई है, जिसे पीड़ित परिवार और पत्रकार समुदाय प्रशासनिक दृढ़ता के रूप में देख रहा है।