तालाब और शिवनाथ नदी से दो महिलाओं के शव मिले, जांच में जुटी पुलिस

डगनिया में घर से लापता छात्रा की मौत, पुलगांव में अज्ञात महिला की शिनाख्त के लिए पुलिस ने भेजे पहचान चिन्ह

तालाब और शिवनाथ नदी से दो महिलाओं के शव मिले, जांच में जुटी पुलिस

दुर्ग-भिलाई। शनिवार को दुर्ग जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में जलस्रोतों से महिलाओं के शव मिलने के मामले सामने आए। धमधा के डगनिया गांव में तालाब से 22 वर्षीय छात्रा तन्नु साहू का शव बरामद हुआ। वहीं पुलगांव थाना क्षेत्र में शिवनाथ नदी से करीब 60 वर्षीय अज्ञात महिला की लाश मिली। दोनों घटनाओं में पुलिस ने अलग-अलग मर्ग कायम किए हैं। मौत की परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।

5 बजे तालाब में दिखाई दी युवती की लाश

डगनिया गांव में शनिवार शाम ग्रामीणों की नजर तालाब में तैर रहे शव पर पड़ी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची धमधा पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराई। मृतका तन्नु साहू की उम्र 22 वर्ष बताई गई है। वह धमधा में कॉलेज की छात्रा थी।

बताया गया कि तन्नु दोपहर करीब 12 बजे घर से लापता हो गई थी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की। बाद में पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसी बीच शाम करीब 5 बजे तालाब में उसका शव मिलने की जानकारी सामने आई।

पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए धमधा मर्च्युरी भेज दिया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तन्नु किन परिस्थितियों में तालाब तक पहुंची।

पुलिस खंगाल रही छात्रा की आखिरी गतिविधियां

मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस परिजनों से जानकारी जुटाने के साथ छात्रा के घर से निकलने के बाद की गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है। घटनास्थल से जुड़े तथ्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। फिलहाल मौत की वजह को लेकर पुलिस ने कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

नदी में मिला अज्ञात महिला का शव

पुलगांव थाना क्षेत्र में शिवनाथ नदी से भी एक महिला का शव बरामद किया गया। यह शव पुलगांव थाने के पीछे और वृंदावन रेस्टोरेंट के पीछे नदी में मिला। स्थानीय लोगों ने महिला को पानी में देखा और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम के साथ बचाव दल मौके पर पहुंचा और शव को नदी से बाहर निकाला।

महिला की उम्र करीब 60 वर्ष है, लेकिन अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। उसके पैरों में काले रंग की चप्पल और शरीर पर गोदना बना हुआ है। पुलिस इन दोनों सहित अन्य पहचान चिन्हों के आधार पर महिला की शिनाख्त कराने में जुटी है।

पहचान के लिए जिलेभर में भेजी गई सूचना

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में महिला की मौत डूबने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। महिला के हुलिए और पहचान संबंधी जानकारी जिले के सभी थानों व कंट्रोल रूम को भेजी गई है। इसके अलावा ग्राम पंचायतों को भी सूचना दी गई है, ताकि किसी महिला के लापता होने की जानकारी मिलने पर उसकी पहचान की जा सके।