खुर्शीपार में खूनी विवाद : युवक की चाकू गोदकर हत्या
एकतरफा प्यार से उपजे रंजिश ने ली जान, दोस्त को बचाने आया 35 वर्षीय कामेश राव बना शिकार
भिलाई के खुर्शीपार इलाके में रविवार देर रात आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एकतरफा प्यार में पागल युवक ने अपने प्रतिद्वंद्वी पर चाकू से हमला किया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे 35 वर्षीय कामेश राव गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
भिलाई। खुर्शीपार थाना क्षेत्र के राजेंद्र प्रसाद नगर में रविवार रात खून से सनी वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि पुराने विवाद को लेकर सुरेंद्र महानंद ने चाकू से हमला कर 35 वर्षीय कामेश राव की हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे कामेश राव अपने दोस्त योगेंद्र सिंह के साथ बस्ती में बैठकर बातचीत कर रहा था। तभी खुर्शीपार निवासी सुरेंद्र महानंद वहां आ धमका और योगेंद्र से झगड़ा करने लगा। विवाद बढ़ने पर कामेश ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन सुरेंद्र ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर हालत में घायल कामेश को तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, सुरेंद्र महानंद, योगेंद्र सिंह की चचेरी बहन से एकतरफा प्रेम करता था। इसी वजह से पिछले दिनों वह योगेंद्र के चाचा के घर की दीवार फांदकर घुस गया था। इस घटना की शिकायत योगेंद्र ने खुर्शीपार थाने में दर्ज कराई थी। तभी से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। इसी खुन्नस में आरोपी सुरेंद्र ने कल रात दोनों दोस्तों पर हमला कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
suntimes 