छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, आज कई इलाकों में भारी बारिश के आसार; कोरबा में घरों तक पहुंचा पानी

कोरबा के 7 वार्ड प्रभावित, नाले उफनने से गंदा पानी घरों में घुसा; अगले 48 घंटे सक्रिय रहेगा मानसून

छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, आज कई इलाकों में भारी बारिश के आसार; कोरबा में घरों तक पहुंचा पानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। शनिवार को रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश हुई। कोरबा में लगातार बरसात के कारण शहर के कई वार्डों में जलभराव हो गया। नालों का पानी बाहर निकलकर घरों तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में आज कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।

कोरबा के आरपी नगर, चिमनी भट्‌टा, शारदा विहार, अमरैया पारा, मोती सागर पारा, सीतामणी और मुड़ापार में बारिश का सबसे ज्यादा असर दिखाई दिया। चिमनी भट्‌टा में करीब 40 मकान और शारदा विहार अटल आवास में 12 से अधिक घर पानी से प्रभावित हुए।

घरों में पानी, सामान बचाने की जद्दोजहद

अमरैया पारा में नाले का गंदा पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया। कई परिवारों के किचन और रहने के हिस्से में पानी भर गया। चिमनी भट्‌टा में मकानों और दुकानों के आसपास भी पानी जमा रहा। इससे स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी हुई।

जलभराव वाले इलाकों में हर साल परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार चिमनी भट्‌टा और अमरैया पारा में बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या बार-बार सामने आती है। तेज बारिश होते ही नालियों का पानी आसपास के इलाकों में फैल जाता है।

गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगह भारी बारिश का अनुमान जताया है। गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है। अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

बारिश सामान्य से 2% कम

प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक बारिश सामान्य से 2 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में दुर्ग में 31.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान रहा, जबकि पेंड्रा रोड में 22.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।