जेल से सीधे ED की अदालत पहुंचा महादेव ऐप का आरोपी सौरभ, अब मनी लॉन्ड्रिंग पर होगी पूछताछ

CBI की रिमांड खत्म होने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया था चंद्राकर, प्रोडक्शन वारंट पर विशेष PMLA कोर्ट में हुई पेशी

जेल से सीधे ED की अदालत पहुंचा महादेव ऐप का आरोपी सौरभ, अब मनी लॉन्ड्रिंग पर होगी पूछताछ

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को शुक्रवार को रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। पुलिस उसे जेल से हथकड़ी लगाकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कोर्ट लेकर पहुंची। अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) उससे पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में लेने की मांग कर सकता है।

सौरभ को गुरुवार को CBI की 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद अदालत में पेश किया गया था। CBI ने दोबारा हिरासत की मांग नहीं की और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने का आवेदन दिया। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रखने का आदेश दिया था। इसके बाद ED ने पूछताछ के लिए उसे अदालत में पेश कराने की प्रक्रिया शुरू की। CBI कोर्ट में आवेदन खारिज होने के बाद ED ने PMLA स्पेशल कोर्ट का रुख किया, जहां से प्रोडक्शन वारंट की अनुमति मिल गई।

हवाला और प्रोटेक्शन मनी की जांच में जुटी एजेंसी

CBI ने अपनी जांच में सौरभ से सट्टेबाजी के कारोबार के विस्तार, पैनल ऑपरेटरों की भूमिका और हवाला के जरिए रकम के कथित हस्तांतरण को लेकर सवाल किए थे। इसके अलावा सट्टे से अर्जित धन के इस्तेमाल और कथित प्रोटेक्शन मनी के लेनदेन की भी पड़ताल की गई। जांच एजेंसियां यह जानने का प्रयास कर रही हैं कि इस अवैध कारोबार से जुड़ी रकम किन-किन लोगों और संस्थाओं तक पहुंची।

तीन साल से अधिक समय से चल रही जांच

इस मामले की शुरुआत 30 मार्च 2022 को हुई थी, जब दुर्ग के मोहन नगर थाने में पहली एफआईआर दर्ज की गई। बाद में 6 अक्टूबर 2022 को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के संदेह में जांच शुरू की। सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को इस नेटवर्क के प्रमुख आरोपी माना गया। CBI ने भी 18 दिसंबर 2024 को प्रकरण दर्ज कर जांच अपने हाथ में ली।

अब जांच का केंद्र सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम का पूरा हिसाब, बैंक खातों के जरिए हुए लेनदेन, हवाला नेटवर्क और इसमें कथित रूप से शामिल लोगों की भूमिका है। ED की पूछताछ से मामले के वित्तीय पहलुओं से जुड़े नए तथ्य सामने आने की संभावना है।