अंबिकापुर में ठंड ने तोड़ा पिछले 15 वर्ष का रिकॉर्ड, पारा पहुंचा 3.3 डिग्री

अंबिकापुर में ठंड ने तोड़ा पिछले 15 वर्ष का रिकॉर्ड, पारा पहुंचा 3.3 डिग्री

अंबिकापुर में जनवरी माह में पड़ रही रिकॉर्ड ठंड, पिछले 15 वर्षों में सबसे ठंडा रहा पहला सप्ताह, वर्ष 2011 में औसत न्यूनतम तापमान रहा था इससे कम

अंबिकापुर। अंबिकापुर में इन दिनों शीतलहर के साथ ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जनवरी माह के पहला सप्ताह में ठंड ने पिछले 15 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मंगलवार की रात सबसे सर्द रात रही। इस दौरान न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 15 वर्षों में जनवरी के प्रथम सप्ताह का सबसे कम दैनिक न्यूनतम तापमान है।

औसत साप्ताहिक न्यूनतम तापमान की दृष्टि से देखें तो जनवरी के पहले सप्ताह में अब तक का सबसे ठंडा वर्ष 1986 रहा है, जब औसत न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद 1978 में यह औसत 4.6 डिग्री और 2011 में 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

वर्ष 2026 में जनवरी के पहले सप्ताह का औसत न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा है, जो भले ही 1986 या 2011 से अधिक है, लेकिन 2011 के बाद अब तक का सबसे ठंड पहला सप्ताह माना जा रहा है।

उत्तर की ओर से आ रही ठंडी हवाएं

मौसम विशेषज्ञ एएम भट्ट के अनुसार उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं (Record breaking cold) और साफ आसमान के कारण तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। ठंड के इस प्रकोप से जनजीवन प्रभावित हुआ है और सुबह-शाम शीतलहर का असर बना हुआ है। कंपकंपाती ठंड से बचने लोग दिनभर गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं।

जनवरी के पहले सप्ताह का औसत न्यूनतम तापमान

2011 - 4.7

2012 - 13.4

2013 - 10.3

2014 - 10.8

2015 - 12.5

2016 - 8.2

2017 - 9.5

2018 - 7.0

2019 - 7.4

2020 - 10.1

2021 - 12.9

2022 - 8.6

2023 - 8.0

2024 - 11.5

2025 - 6.6

2026 - 6.3