CM साय को किरणदेव दिलाएंगे BJP की सदस्यता....छत्तीसगढ़ में मंत्री, विधायक और सांसद 50 लाख लोगों को कराएंगे भाजपा जॉइन

CM साय को किरणदेव दिलाएंगे BJP की सदस्यता....छत्तीसगढ़ में मंत्री, विधायक और सांसद 50 लाख लोगों को कराएंगे भाजपा जॉइन

देशभर में भाजपा संगठन पर्व पर सदस्यता अभियान चला रही है। छत्तीसगढ़ में CM साय आज से इस अभियान की शुरुआत करेंगे। दिनदयाल ऑडिटोरियम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सबसे पहले उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलवाएंगे। इसके बाद CM साय, अन्य लोगों को भाजपा ज्वॉइन करवाएंगे। इसी तरह सभी मंत्री-विधायक, सांसद भी भाजपा ज्वॉइन करेंगे। प्रदेशभर में 50 लाख लोगों को सदस्यता दिलाई जाएगी। बीजेपी ने सोमवार को ‘संगठन पर्व, सदस्यता अभियान 2024’ लॉन्च किया था। इस मौके पर सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी की सदस्यता ली थी।

भाजपा के नेता नए सिरे से भाजपा ज्वॉइन कर रहे हैं। BJP के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू सहित पार्टी पदाधिकारी, प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, विधायक, सांसद उपस्थित रहेंगे।

श्रीवास्तव ने बताया कि रायपुर के प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक वॉर रूम तैयार किया गया है। यहां से सदस्यता अभियान की हर पल की निगरानी होगी। अगले दिन 4 सितंबर को जिला इकाइयों और 6 सितंबर को मंडल इकाइयों में सदस्यता अभियान की शुरुआत होगी। पार्टी की सदस्यता के लिए प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।

सदस्यता अभियान प्रभारी अनुराग सिंहदेव ने बताया कि कहा कि सदस्यता अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं और जनता में जबरदस्त उत्साह है। छत्तीसगढ़ सदस्यता के मामले में पुराना रिकॉर्ड जरूर तोड़ेगा। हर क्षेत्र हर समाज हर वर्ग के लोग, युवा महिला बुजुर्ग सभी बड़ी संख्या में भाजपा के सदस्य बनेंगे।