धनतेरस पर ग्राहकों को राहत, सोना 3100 तो चांदी 5400 रुपए से ज्यादा सस्ती
24 कैरेट सोने का भाव घटकर 1.41 लाख रुपए और चांदी 1.81 लाख रुपए किलो पर आया, साल की शुरुआत से सोना 8 हजार महंगा तो चांदी 49 हजार रुपए टूटी
नई दिल्ली। धनतेरस के मौके पर सराफा बाजार से ग्राहकों के लिए राहत की खबर आई है। सोने और चांदी की कीमतों में एक साथ गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के ताजा आंकड़ों के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 3,106 रुपए सस्ता होकर करीब 1,41,000 रुपए पर पहुंच गया। वहीं एक किलो चांदी की कीमत में 5,437 रुपए की कमी आई और इसका भाव लगभग 1,81,000 रुपए रह गया। पिछले कारोबारी दिन सोना करीब 1,44,000 रुपए और चांदी 1,87,000 रुपए प्रति किलो पर थी।
त्योहार के दौरान कीमती धातुओं के दाम में आई इस गिरावट से उन लोगों को फायदा हो सकता है, जो धनतेरस पर आभूषण और सिक्के खरीदने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, सालाना आंकड़ों पर नजर डालें तो सोने और चांदी का प्रदर्शन एक-दूसरे से बिल्कुल अलग रहा है।
चांदी ने गंवाई 49 हजार रुपए की कीमत
इस साल अब तक सोने के भाव में करीब 8 हजार रुपए की बढ़ोतरी हुई है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोना 1.33 लाख रुपए के करीब था, जो अब बढ़कर 1.41 लाख रुपए हो गया है। दूसरी ओर चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट आई है। पिछले साल के अंतिम दिन एक किलो चांदी का भाव 2.30 लाख रुपए था, जो अब 1.81 लाख रुपए पर आ गया है। इस तरह चांदी करीब 49 हजार रुपए सस्ती हो चुकी है।
जनवरी में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे थे दोनों धातुओं के भाव
वर्ष 2026 में सोने और चांदी ने कीमतों के नए रिकॉर्ड बनाए थे। 29 जनवरी को सोना 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंचा था। इसी दिन चांदी ने भी 3.86 लाख रुपए प्रति किलो का उच्चतम स्तर छुआ था। रिकॉर्ड तेजी के बाद दोनों धातुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।
एक शहर से दूसरे शहर में अलग क्यों होते हैं रेट
सोने की कीमतों में शहरवार अंतर के पीछे कई स्थानीय कारण होते हैं। इसमें परिवहन और सुरक्षा खर्च, बाजार में मांग एवं उपलब्धता, स्थानीय ज्वेलरी एसोसिएशन द्वारा तय दरें और व्यापारियों के पास मौजूद पुराने स्टॉक की खरीद कीमत शामिल हैं। इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में सोने की खपत और खरीदारी का स्तर भी स्थानीय बाजार की कीमतों को प्रभावित करता है।
suntimes 