नवरात्रि में दुर्ग-भिलाई का ट्रैफिक प्लान जारी, डोंगरगढ़ पदयात्रियों के लिए अलग कॉरिडोर
कुम्हारी टोल प्लाजा से अंजोरा बाईपास तक तीन पेट्रोलिंग वाहन करेंगे निगरानी; गंजपारा, सेंट्रल एवेन्यू और बसों के आवागमन के लिए तय किए गए वैकल्पिक मार्ग
दुर्ग-भिलाई। नवरात्रि में डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय वाहन चालकों को जाम से राहत देने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष योजना लागू की है। 11 से 19 अक्टूबर तक पदयात्रियों की आवाजाही के लिए कुम्हारी टोल प्लाजा से अंजोरा बाईपास तक सुरक्षित कॉरिडोर रहेगा। इस दौरान तीन पेट्रोलिंग वाहन लगातार तैनात रहेंगे। वहीं, दुर्ग के गंजपारा और भिलाई के सेक्टर क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही के लिए मार्ग बदले गए हैं। रात के समय दुर्ग शहर में मध्यम और भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
पदयात्रियों के लिए तय किया गया रास्ता
डोंगरगढ़ जाने वाले पैदल श्रद्धालु कुम्हारी टोल प्लाजा से सिरसा गेट चौक, डबरापारा तिराहा, खुर्सीपार तिराहा, पावर हाउस अंडरब्रिज, मुर्गा चौक, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-9 चौक, ठगड़ा बांध ओवरब्रिज, जेल तिराहा, गौरव पथ, गांधी पुतला, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक और शिवनाथ नदी ब्रिज होते हुए अंजोरा बाईपास पहुंचेंगे। यहां से राजनांदगांव मार्ग के जरिए डोंगरगढ़ जा सकेंगे।
तीन पेट्रोलिंग वाहन करेंगे निगरानी
11 से 19 अक्टूबर तक सुरक्षित कॉरिडोर में तीन पेट्रोलिंग वाहन चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे। पुलिसकर्मी लाउडस्पीकर से श्रद्धालुओं को सड़क के बाईं ओर चलने और सावधानी बरतने की जानकारी देंगे। मार्ग में अस्थायी सहायता केंद्र भी बनाए जा रहे हैं। पुलिस ने हाईवे पर सर्विस लेन का उपयोग करने तथा बाईपास पर पैदल चलने से बचने की अपील की है।
भिलाई में इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
पावर हाउस अंडरब्रिज से मुर्गा चौक और सेंट्रल एवेन्यू की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों को फॉरेस्ट एवेन्यू और गैरेज रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दुर्ग से सेंट्रल एवेन्यू जाने वाले चारपहिया वाहनों को सेक्टर-9 चौक से इसी वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा।
गंजपारा और बस स्टैंड के लिए बदली व्यवस्था
दुर्ग में गंजपारा दुर्गा पंडाल के आसपास रात के समय पुलिस लाइन और गंजपारा की ओर से आने वाले दोपहिया तथा चारपहिया वाहनों को गंज मंडी के पीछे से निकाला जाएगा। पुलगांव चौक से बस स्टैंड जाने वाली बसें महाराजा चौक और जेल तिराहा होकर पहुंचेंगी। बस स्टैंड से पुलगांव जाने वाली बसों को भी इसी मार्ग से आवागमन करना होगा।
रात में इन मार्गों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री
पुलगांव चौक, पोटिया चौक, महाराजा चौक, जेल तिराहा, गुरुद्वारा तिराहा, धमधा रोड और नयापारा से दुर्ग शहर की ओर आने वाले रास्तों पर रात में मध्यम व भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
पदयात्री और चालक बरतें सावधानी
पैदल चलने वाले श्रद्धालु चमकीले कपड़े पहनें और अपने बैग पर रेडियम स्टीकर लगाएं, ताकि रात में वाहन चालकों को वे दूर से दिखाई दे सकें। सड़क के बाईं ओर किनारे से चलें और मुख्य सड़क पर रुकने या सोने से बचें। देर रात यात्रा शुरू न करें और तय मार्ग का ही उपयोग करें।
वाहन चालकों को पर्याप्त आराम के बाद ही सफर करने, नशे में वाहन नहीं चलाने, ओवरलोडिंग से बचने और रात में लो-बीम लाइट रखने की सलाह दी गई है। सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग न करें तथा मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाने से बचें।
suntimes 