पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय ने कांग्रेस पर कसा तंज, कहा-पहले हर जगह भ्रष्टाचार होता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है

भिलाई। केंद्र सरकार के 9 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा विशेष जनसंपर्क अभियान चला रही है। इसके तहत भिलाई में प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। कैबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने पर उन्होंने यहां तक कह डाला कि प्रदेश की भ्रष्ट सरकार पर केंद्रीय नेतृत्व ने टीएस सिंहदेव का चेपा लगा दिया है।
प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि हम सब केंद्र सरकार के गौरवशाली 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यहां उपस्थित हुए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में प्रबुद्धजन की अहम भूमिका होती है, क्योंकि वो समाज को जागरूक करने के लिए जिम्मेदार होते हैं। 2014 के पहले देश में हताशा और निराशा का माहौल था। हर जगह केवल भ्रष्टाचार होता था लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। भाजपा ने अपने शासनकाल में भिलाई में स्कूल, कालेज और आईआईटी की स्थापना की, लेकिन कांग्रेस के शासन में यहां अवैध व्यापार, अपराध, जुआं सट्टा, शराब और गांजा लाया जा रहा है। भिलाई की ये स्थिति है कि यहां निगम को सरकारी जमीन बेचकर कर्मियों को पैसा देना पड़ रहा है और पार्षदों को महीनों तक उनका मानदेय नहीं मिल पा रहा है। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य वक्ता शिवरतन शर्मा, दुर्ग सांसद विजय बघेल, भिलाई जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया, पीयुष जैन व लोकसभा सहप्रभारी दयवंत बांधे सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
डिप्टी सीएम बनाए जाने के फैसले पर कसा तंज
पूर्व मंत्री पाण्डेय ने टीएस सिंहदेव को डिप्टी सीएम बनाये जाने पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को प्रदेश सरकार की सच्चाई पता चल गई है। इसलिए भ्रष्ट सरकार पर डिप्टी सीएम का चेपा लगा दिया गया। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे सायकल का टायर भ्रष्ट हो जाने पर उस पर चेपा लगाया जाता है, वैसा ही चेपा यहां टीएस सिंहदेव का लगाया गया है।
पूर्व मंत्री पाण्डेय ने भिलाई में खुलेआम चल रही शराब खोरी को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भिलाई में भी लंदन के लवर्स स्कवायर की तरह एक टूमोरो लैंड है। जहां लोग खुलेआम अपने कार में शराब पीते हैं, ये लोग रात में आते हैं और अगले दिन सुबह वापस जाते हैं। पुलिस इन्हें देखकर भी मूकदर्शक बनी रहती है औऱ कुछ नहीं कर पाती है।