पैसों के विवाद में बड़े भाई ने छोटे की कुल्हाड़ी से हत्या की

दुर्ग के बघेरा में च्वाइस सेंटर के कारोबार को लेकर बढ़ा विवाद; सोते समय हमला, आरोपी मौके से गिरफ्तार

पैसों के विवाद में बड़े भाई ने छोटे की कुल्हाड़ी से हत्या की

दुर्ग। कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर बघेरा में बुधवार तड़के दो सगे भाइयों के बीच पैसों के लेनदेन और च्वाइस सेंटर के कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बड़े भाई ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कैलाश देवांगन (26) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका बड़ा भाई देवेंद्र देवांगन है। दोनों भाई बघेरा क्षेत्र में अलग-अलग च्वाइस सेंटर संचालित करते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कारोबार से होने वाली आमदनी और उसके बंटवारे को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे थे।

बताया जा रहा है कि मंगलवार रात दोनों भाइयों के बीच हिसाब-किताब को लेकर विवाद हुआ था। बुधवार सुबह करीब पांच बजे, जब कैलाश घर में सो रहा था, तभी देवेंद्र ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से उस पर कई वार कर दिए। हमले में कैलाश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में माता-पिता भी मौजूद थे। पिता ने पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक भौतिक एवं डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी देवेंद्र देवांगन को तत्काल हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

थाना प्रभारी नवीन राजपूत ने बताया कि परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। दोनों भाइयों के बीच विवाद की वास्तविक वजह, लेनदेन का स्वरूप और घटना से पहले हुई बातचीत की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आएंगे।