‘फेक मैरिज इवेंट’ पर बवाल, हिंदू संगठनों के विरोध के बाद रिसोर्ट मैनेजर गिरफ्तार

दुर्ग के रिसोर्ट में होने वाला था नकली शादी आयोजन, हिंदू युवा मंच ने संस्कृति से खिलवाड़ बताया; पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित होने वाले “फेक मैरिज इवेंट” को लेकर विवाद गहरा गया है। हिंदू संगठनों ने इसे हिंदू विवाह संस्कार और परंपराओं का अपमान बताते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ते विवाद के बीच पुलिस ने रिसोर्ट मैनेजर को हिरासत में लेकर कार्रवाई की है।

 

दुर्ग। जिले के जेवरा सिरसा स्थित कोशी एयरो क्लब एंड रिसोर्ट में प्रस्तावित “फेक मैरिज इवेंट” को लेकर बुधवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। सोशल मीडिया और प्रचार सामग्री के जरिए इस आयोजन का प्रचार किए जाने के बाद हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने इसे भारतीय संस्कृति और हिंदू विवाह परंपरा के खिलाफ बताते हुए कड़ा विरोध जताया।

जानकारी के अनुसार रिसोर्ट में 30 तारीख को एक विशेष इवेंट आयोजित किया जाना था, जिसमें कपल्स को दूल्हा-दुल्हन की वेशभूषा में शामिल होना था। आयोजन के लिए 499 रुपए की कपल एंट्री फीस रखी गई थी। प्रचार में यह भी दावा किया गया था कि कार्यक्रम में शादी से जुड़ी रस्में भी कराई जाएंगी। जैसे ही इसकी जानकारी सामने आई, हिंदू संगठनों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताते हुए विरोध शुरू कर दिया।

विरोध बढ़ने पर हिंदू युवा मंच के कार्यकर्ताओं ने जेवरा सिरसा पुलिस चौकी का घेराव कर नारेबाजी की। संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना था कि विवाह हिंदू धर्म के 16 संस्कारों में अत्यंत महत्वपूर्ण संस्कार माना जाता है और इस प्रकार का आयोजन उसका मजाक उड़ाने जैसा है।

हिंदू युवा मंच से जुड़े अमिताभ वर्मा ने कहा कि यदि इस तरह के आयोजनों पर रोक नहीं लगाई गई तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा। उन्होंने आयोजकों पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विवाद बढ़ता देख पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिसोर्ट के मैनेजर ब्रह्मा दत्त पांडे को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया है।

वहीं रिसोर्ट के कर्मचारियों ने पूरे मामले पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि संचालक दो दिन बाद उपलब्ध होंगे और वही इस विषय में जानकारी दे पाएंगे। फिलहाल मामले को लेकर इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।